Home Haryana स्कूटी छोड़ने के नाम पर रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, करनाल में हेड कांस्टेबल...

स्कूटी छोड़ने के नाम पर रिश्वतखोरी का भंडाफोड़, करनाल में हेड कांस्टेबल रंगे हाथ गिरफ्तार

3
0

राकेश कुमार शर्मा , करनाल | हरियाणा के करनाल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन ब्यूरो (एसीबी) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए सेक्टर-9 पुलिस चौकी में तैनात एक हेड कांस्टेबल को रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। आरोपी पुलिसकर्मी पर स्कूटी छोड़ने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है। मामले में एक अन्य पुलिसकर्मी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

जानकारी के अनुसार, पुलिस चौकी में खड़ी एक स्कूटी को छोड़ने की एवज में दो पुलिसकर्मियों ने शिकायतकर्ता से पहले 4 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की थी। बाद में दोनों पक्षों के बीच 3 हजार रुपये में सौदा तय हुआ। शिकायतकर्ता ने इसकी सूचना एंटी करप्शन ब्यूरो को दी, जिसके बाद अधिकारियों ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप बिछाया।

एसीबी की टीम ने शिकायतकर्ता को तय राशि के साथ भेजा। जैसे ही सेक्टर-9 चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल संजीव ने रिश्वत की रकम स्वीकार की, पहले से मौजूद एसीबी अधिकारियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसका साथी पुलिसकर्मी महादेव कार्रवाई की भनक लगते ही मौके से फरार हो गया।

इस कार्रवाई के बाद पुलिस विभाग में भी हड़कंप मच गया है। एसीबी की टीम फरार आरोपी की तलाश में लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही उसे भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

एसीबी के डीएसपी सतीश ने बताया कि शिकायत मिलने के बाद पूरी कार्रवाई को गोपनीय तरीके से अंजाम दिया गया। प्रारंभिक जांच में रिश्वत मांगने के आरोप सही पाए गए, जिसके बाद ट्रैप लगाकर आरोपी को रंगे हाथ काबू किया गया। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और दोषी पाए जाने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

एसीबी ने आरोपी हेड कांस्टेबल के खिलाफ भ्रष्टाचार निरोधक अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here