सिरसा, 21 मार्च- हरियाणा के सिरसा में कबूतरबाजी का मामला सामने आया है।सिरसा जिला के साथ 4 जिलों के दर्जन भर लोग ट्रेवल एजेंसी के शिकार हुए है। स्पेन का वीजा लगवाने के नाम पर 13 लोगों से तकरीबन 40 लाख रुपए की धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। सभी लोगों से स्पेन का वीजा लगवाने के लिए 40 लाख रुपए ले लिए गए और सभी लोगों को वीजा देने के लिए कल बुलाया गया था लेकिन कल दोपहर बाद से ही ट्रेवल एजेंसी के कार्यालय पर ताला देख सभी लोगों के पैरों तले जमीन ही खिसक गई। आनन फानन में सभी लोग खैरपुर पुलिस चौकी पहुंचे और ट्रेवल एजेंसी के खिलाफ शिकायत दी।
मामले की गंभीरता देखकर पुलिस ने तुरंत ट्रेवल एजेंसी के संचालक कुलदीप कुमार और एक सहयोगी महिला तमन्ना के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है।इतनी बड़ी रकम हड़प कर एजेंट व उसकी महिला सहयोगी फरार हो गए हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने पर सिविल लाइन थाना में उनके खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों ने किसी से 50 हजार तो किसी से साढ़े 3 लाख से अधिक रुपए लिए हैं।पुलिस को दी शिकायत में पंजाब के पटियाला जिले के राजपुरा टाउन निवासी धर्म सिंह ने बताया कि उन्हें स्पेन जाना था। इसके लिए सिरसा में हिसार रोड पर द रॉयल ट्रेवल्स के नाम से काम कर रहे वीजा एजेंट कुलदीप व उसकी सहयोगी तमन्ना के पास वीजा अप्लाई करवाया था।
एजेंट कुलदीप ने उससे 3 लाख रुपए 1 फरवरी 2025 को तमन्ना के सामने लिए थे। जिसके हल्फिया बयान की कापी रोयल ट्रेवल्स की मोहर सहित लगाई है। धर्म सिंह ने बताया कि 20 हजार रुपए पहले नकद दिए थे। आरोप है कि एजेंट ने जो वीजा व टिकट दी, वह फर्जी निकले। एजेंट उनसे पैसे लेकर भाग गया है। अब उसके मोबाइल नंबर पर कॉल भी नहीं लग रही है और उसका कोई पता भी नहीं है। इसलिए पुलिस को शिकायत दी गई है।
हरियाणा के इन जिलों के लोगों को बनाया शिकार
आरोप है कि एजेंट कुलदीप व उसकी सहयोगी तमन्ना ने पंजाब निवासी धर्म सिंह के अलावा सिरसा, फतेहाबाद व हिसार जिले के 12 और निवासियों को भी धोखाधड़ी का शिकार बनाया है। इनमें हिसार जिले के बरवाला क्षेत्र के गांव ढाणी गारण, फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव अलीका व मढ़ और सिरसा जिले के गांव रंधावा, चामल, मौजूखेड़ा, अहमदपुर के लोग शामिल हैं।







