अम्बाला, 25 दिसंबर -सुशासन दिवस के मौके पर अम्बाला शहर पहुंचे राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने किसान आंदोलन और हरियाणा सरकार द्वारा 24 फसलों की MSP पर खरीद गारंटी को लेकर बड़ा बयान दिया है। कार्तिकेय शर्मा ने हरियाणा द्वारा MSP की गारंटी दिए जाने पर पंजाब सरकार के समक्ष बड़े सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने कहा कि पंजाब सरकार ने अभी तक 24 फसलों पर MSP देने का फैसला क्यों नहीं लिया।
पंजाब सरकार पर उठाए सवाल
24 फसलों की MSP पर खरीद की गारंटी देने वाला हरियाणा देश का पहला राज्य बन गया है। जिसके बाद किसान आंदोलन को लेकर पंजाब सरकार हरियाणा व राष्ट्रीय नेताओं के निशाने पर आ गई है। आज अम्बाला शहर पहुंचे राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा ने भी पंजाब सरकार के सामने बड़े सवाल खड़े किए। कार्तिकेय शर्मा ने सबसे पहले आंदोलन को लेकर कहा कि सरकार किसानों से बातचीत कर रही है.उम्मीद है कि जल्द ही मसले का हल निकल जाएगा। वहीं उन्होंने कहा कि आंदोलन पंजाब का था और मांग हरियाणा ने पूरी की। लेकिन पंजाब सरकार ने अभी तक 24 फसलों को MSP पर खरीदने का फैसला क्यों नहीं लिया।
वहीं देशभर में आज सुशासन दिवस मनाया जा रहा है। इसी संदर्भ में राज्यसभा सांसद बतौर मुख्यातिथि अम्बाला शहर पहुंचे थे। सुशासन दिवस को लेकर कार्तिकेय शर्मा ने कहा कि आज का दिन महत्वपूर्ण है। इस मौके पर वो पीएम नरेंद्र मोदी का भी आभार व्यक्त करते हैं,जिन्होंने सुशासन दिवस की प्रथा शुरू की।






