रेवाड़ी, 19 सितम्बर – रेवाड़ी बरेली रोड पर स्कूली बच्चों को ले जा रहा ऑटो का अचानक एक्सल टूट गया और वह पलट गया। ऑटो के साथ-साथ साइकिल पर चल रहे 2 स्कूली बच्चे उसके नीचे दब गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। ऑटो में सवार 10 बच्चों को भी गंभीर चोट आई है। सभी को रेवाड़ी के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। जैसे ही इस हादसे की सूचना अभिभावकों को मिली तो उनमें हडकंप मच गया और ट्रॉमा सेंटर पहुंच गए।
आदर्श वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल की दोपहर को छुट्टी होने के बाद बच्चों को लेकर एक ऑटो निकटवर्ती गांव ढोकिया और रसूली के लिए चला था। ऑटो में 10 छात्र-छात्राएं सवार थे। इस ऑटो के साथ-साथ साइकिल पर स्कूल के दो बच्चे भी चल रहे थे। जब ये ऑटो रेवाड़ी-बरेली रोड स्थित गांव मांढैया बस स्टैंड के पास पहुंचा तो अचानक ऑटो का एक्सल टूट गया और वह पलट गया। जैसे ही ऑटो पलटा तो साथ साइकिल पर चले 2 बच्चे में इसकी चपेट आकर दब गये।बच्चों के रोने-चीखने की आवाज सुनकर वहां से गुजर रहे लोग मदद को दौड़े और ऑटो को सीधा कर दबे बच्चों को बाहर निकाला। इस ह.दसे में ऑटो में सवार 10बच्चों सहित कुल 12 बच्चे गंभीर रूप से घायल हो गए। लोगों की मदद से उन्हें तुरंत ट्रॉमा सेंटर भेजा गया।







