Home Haryana किशोरा गांव की भांजी हिमाचल में लगी सिविल जज,ननिहाल पहुंचने पर हुआ...

किशोरा गांव की भांजी हिमाचल में लगी सिविल जज,ननिहाल पहुंचने पर हुआ भव्य स्वागत

182
0
हरियाणा(TSN): राई हलके के गांव किशोरा की भांजी हिमानी देशवाल हिमाचल प्रदेश में सिविल जज चयनित हुई हैं। बड़ी बात यह है कि हिमानी ने यह उपलब्धि पहले प्रयास में ही हासिल की है। गांव किशोरा में पहुंचने पर ग्रामीणों ने हिमानी व उनकी मां कविता का भव्य स्वागत किया आवर उनके स्वागत में शानदार समारोह किया गया, जिसमें गांव वालों ने हिमानी को गांव का गौरव बताया और गांव की बेटियों को भी हिमानी से सीख लेने का संदेश दिया।
हिमानी वैसे तो झज्जर के गांव जसौर खेड़ी निवासी दिनेश देशवाल की पुत्री है। हिमानी की मां कविता सोनीपत के गांव किशोरा की बेटी है। हिमानी की शुरुआती शिक्षा सोनीपत से ही हुई है। खरखौदा के प्रताप स्कूल से हिमानी ने तीसरी कक्षा से लेकर 12वीं कक्षा तक की पढ़ाई की है। हिमानी के मामा राजेश ने बताया कि उन्हें अपनी भांजी पर गर्व है। पूरे गांव के लिए यह गर्व का विषय है। यही कारण है कि हिमानी के स्वागत में पूरा गांव उमड़ पड़ा है। राजेश ने बताया कि हिमानी ने सिद्ध किया है कि सामान्य परिवार व किसान परिवार  की बेटी भी सीमित साधनों के बावजूद अपने लक्ष्य को हासिल कर सकती है।
हिमाचल में सिविल जज के पद पर चयनित हुई हिमानी ने कहा कि वह अभिभूत है कि उनके मामा व अन्य ग्रामीणों ने उनका शानदार अभिनंदन किया है। उन्होंने कहा कि उनके पिता दिनेश देशवाल ने एक सपना देखा था कि उनकी बेटी एक दिन जज बने, वह सपना पूरा करने में उनके पिता ने दिन रात एक कर दिया। जज बनकर मैंने अपने पिता का सपना पूरा किया है। हर बेटी ऐसा कर सकती है। बेटियों को सपने देखने चाहिए और उनको पूरा करने में जुट जाना चाहिए। जब वे पूरी तल्लीनता से अपने लक्ष्य की ओर बढ़ेंगी तो मुश्किलें स्वयं दूर होती जाएंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here