सिरसा, 5 मार्च – एमएसपी खरीद गारंटी कानून सहित किसानों की मांगों को लेकर 13 फरवरी 2024 से किसान आंदोलन-2 शंभू खनौरी व रतनपुर बॉर्डरों पर धरना जारी है। बॉर्डर पर बैठे किसानों से जब लंबे समय तक भारत सरकार ने बातचीत नहीं की तो जगजीत सिंह डल्लेवाल ने मानी हुई मांगों को लागू करवाने के लिए 26 नवंबर, 2024 को आमरण-अनशन शुरू किया, जिसे आज 100 दिन पूरे हो गए हैं। संयुक्त किसान मोर्चा गैर राजनीतिक भारत और किसान मजदूर मोर्चा के आह्वान पर देश भर में किसानों ने बुधवार को जिला मुख्यालयों के सामने भूख हड़ताल की। सिरसा में भी किसानों द्वारा सिरसा लघु सचिवालय में भूख हड़ताल पर जाते समय पुलिस द्वारा किसानों को रेलवे पुल के ऊपर रोक गया, वहीं पर किसानों ने अपनी भूख हड़ताल शुरू कर दी थी। लगभग डेढ़ घंटे बाद उन्हें डीसी ऑफिस जाने दिया गया, उसके बाद बीकेई प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख की अध्यक्षता में लघु सचिवालय (डीसी ऑफिस) सिरसा में 24 घंटे के लिए 100 से भी ज्यादा किसान आमरण-अनशन पर बैठ गए हैं।
संयुक्त किसान मोर्चा ने शुरू की भूख हड़ताल… सिरसा लघु सचिवालय के बाहर दिया धरना
आज 100 किसानों ने भूख हड़ताल 24 घंटे के लिए रखी
सिरसा में मीडिया से बातचीत करते हुए भारतीय किसान एकता के प्रदेशाध्यक्ष लखविंदर सिंह औलख ने कहा कि एमएसपी खरीद गारंटी कानून सहित किसानों की मांगों को लेकर 13 फरवरी से चल रहे किसान आंदोलन-2 में 26 नवंबर से खनौरी बॉर्डर पर आमरण-अनशन पर बैठे जगजीत सिंह डल्लेवाल का अनशन आज 100वें दिन में पहुंच जाएगा। भारतीय किसान एकता ने पिछले दिनों निर्णय लिया था कि डल्लेवाल के अनशन के समर्थन में बुधवार, 5 मार्च 2025 को लघु सचिवालय (डीसी ऑफिस) में सिरसा जिले के 100 किसान 24 घंटे के लिए हड़ताल पर बैठेंगे। आज 100 किसानों ने भूख हड़ताल 24 घंटे के लिए रखी है अगले दिन 6 मार्च, वीरवार को सुबह 11 बजे समाप्त की जाएगी।
डल्लेवाल किसान व मजदूर की लड़ रहे लड़ाई
लखविंदर औलख ने कहा कि देश के किसानों को एमएसपी दिलवाने के लिए डल्लेवाल अपने शरीर पर कष्ट झेल रहे हैं। देश के हर किसान व मजदूर की लड़ाई वह लड़ रहे हैं, हमारी भी जिम्मेदारी बनती है कि किसान आंदोलन-2 मजबूत करने के लिए डल्लेवाल की ताकत बने और 19 मार्च को चंडीगढ़ में केंद्र सरकार के साथ 7वें दौर की वार्ता में सरकार हमारी मानी हुई मांगें लागू करने को मजबूर हों। औलख ने कहा कि बीती रात संयुक्त किसान मोर्चा गैर-राजनीतिक भारत की जूम मीटिंग हुई जिसमें पास किया गया कि देश के हर राज्य में जिला मुख्यालयों पर 5 मार्च को डल्लेवाल के आमरण अनशन के 100 दिन पूरे होने पर एक दिवसीय सांकेतिक भूख हड़ताल की जाएगी। 8 मार्च को शंभू, खनौरी व रतनपुरा बॉर्डरों पर एमएसपी खरीद गारंटी कानून को समर्पित महिला दिवस मनाया जाएगा। पंजाब, हरियाणा व राजस्थान से बड़ी संख्या में किसान व मजदूर महिलाएं शंभू, खनौरी व रतनपुरा मोर्चों पर पहुंचेंगी।







