कुरूक्षेत्र, 5 अगस्त – कुरुक्षेत्र में आयोजित भाजपा की विजय शंखनाद रैली में सीएम नायब सैनी ने किसानों के लिए कई बड़ी घोषणाएं की।वहीं इन घोषणाओं के होते ही भारतीय किसान यूनियन चढूनी के अध्यक्ष गुरनाम चढूनी ने सरकार का धन्यवाद किया और किसानों को उनके राजनीति में आने के बाद मिली इस पहली जीत की बधाई भी दी।साथ ही ये स्पष्ट भी किया कि इन घोषणाओं से किसानों की नाराजगी दूर नहीं होगी। सरकार की ये घोषणाएं वोट में कन्वर्ट नहीं होंगी।
पिपली पैराकीट पहुंचे गुरनाम चढूनी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि उन्होंने संयुक्त संघर्ष पार्टी के सभी सीटों पर चुनाव लड़ने और किसानों की एमएसपी पर सारी फसलें खरीदने की घोषणाएं की थी। यही वजह है कि सरकार द्वारा चुनाव के दिनों में ये घोषणाएं की गई हैं ताकि चुनाव से पहले किसान कोई आंदोलन न करें और उनकी नाराज़गी दूर हो। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार को इन घोषणाओं का वो आभार प्रकट करते हैं परंतु इन घोषणाओं से किसानों की नाराजगी दूर नहीं होगी। सरकार की ये घोषणाएं वोट में कन्वर्ट नहीं होंगी।बता दें कि सीएम नायब सैनी ने किसानों के लिए जो घोषणाएं की इसमें किसानों के आबियाने के 133 करोड़ का बकाया माफी का ऐलान, अब से केंद्र सरकार की तर्ज पर 24 फसलों को हरियाणा सरकार द्वारा MSP पर खरीदने, 2023 से पहले फसलों के प्राकृतिक आपदा से ख़राबे के 137 करोड़ रूपये एक सप्ताह में देने, 31 दिसंबर, 2023 तक आवेदन करने वाले सभी किसानों को ट्यूबवैल कनेक्शन देने, पुराने ट्यूबवैल के खराब होने पर दोबारा किसी और जगह पर बोर होने वाले ट्यूबवैलों पर सौर ऊर्जा की शर्त को हटाने, बिजली निगमों द्वारा लगाए गए ट्रांसफार्मरों के खराब होने पर बिजली निगमों द्वारा अपने खर्चे पर बदलने, ट्यूबवैल के लिए 3 स्टार मोटर बेचने वाली देशभर की सभी कंपनियों के विभाग के पोर्टल पर अपना पंजीकरण करवाने, किसानों के किसी भी कंपनी की 3 स्टार मोटर खरीद पाने जैसी कई घोषणाएं शामिल रही।







