5 अगस्त : कुरुक्षेत्र : मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने रविवार को जिला कुरुक्षेत्र में आयोजित थानेसर विधान सभा की विशाल जनसभा में किसानों को एक और महत्वपूर्ण सौगात देते हुए किसानों का पिछले आबियाने का 133 करोड़ 55 लाख 48 हज़ार रुपए बकाया माफ करने की घोषणा की। इससे किसानों को प्रति वर्ष लगभग 54 करोड रुपए की राहत मिलेगी। साथ ही भविष्य के लिए भी आबियाना खत्म हो गया है। साथ ही मुख्यमंत्री ने प्रदेश की सभी फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर करने की भी घोषणा की। वर्तमान में प्रदेश सरकार द्वारा 14 फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर की जा रही है। अब हरियाणा की अन्य सभी फसलें न्यूनतम समर्थन मूल्य पर खरीदी जाएंगी।
2023 से पहले आपदा में फसलों को हुए नुकसान का मिलेगा मुआवजा
मुख्यमंत्री ने जिला रोहतक, नूहं, फतेहाबाद और सिरसा में 2023 से पहले आपदा में फसलों को हुए नुकसान की मुआवजा की लंबित 137 करोड रुपए की राशि का भुगतान करने की घोषणा करते हुए कहा कि एक हफ्ते में यह राशि सम्बंधित किसानों के खाते में चली जाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि अब किसानों को नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए तीन स्टार वाली मोटर देश भर से कहीं से भी खरीदने की अनुमति होगी। वर्तमान में प्रदेश में तीन स्टार मोटर की केवल 10 कंपनियां पंजीकृत हैं। अब देश में तीन स्टार मोटर बनाने वाली सभी कंपनियां हरियाणा के पैनल पर आ जाएँगी और किसान अपनी सुविधा अनुसार किसी भी कंपनी से तीन स्टार मोटर खरीद सकेंगे। इससे 31 दिसंबर 2023 तक नए ट्यूबवेल कनेक्शन के लिए आवेदन करने वाले किसानों को बड़ी राहत मिलेगी। इसके अतिरिक्त, बिजली का ट्रांसफार्मर खराब होने पर ट्रांसफार्मर का खर्चा किसान से नहीं लिया जाएगा। ये ट्रांसफार्मर बिजली निगमों द्वारा अपने खर्चे पर बदले जाएंगे । उन्होंने कहा कि आज धर्मक्षेत्र-कुरुक्षेत्र से चुनाव अभियान का शंखनाद किया जा रहा है प्रदेश की 90 विधानसभाओं में ऐसी भव्य जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।







