Home Rohtak सरकारी स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण न होने पर ग्रामीणों का अनोखा...

सरकारी स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण न होने पर ग्रामीणों का अनोखा प्रदर्शन

127
0
रोहतक, 10 दिसम्बर ; रोहतक के गरनावठी गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग का निर्माण न होने पर गुस्साए ग्रामीणों ने सोमवार को अनोखा प्रदर्शन किया। ग्रामीण भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन करते हुए ग्रामीण लघु सचिवालय पहुंचे और जिला विकास एवं पंचायत अधिकारी के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। इस ज्ञापन के जरिए बिल्डिंग का जल्द निर्माण कराने की मांग की गई।
भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे
गरनावठी गांव के सरपंच सत्यवीर सिंह, जिला पार्षद जयदेव डागर, सतगामा प्रधान श्रीपाल बालंद तथा सामाजिक कार्यकर्ता राहुल दादू ने कहा कि वे गरनावठी गांव के सरकारी स्कूल की बिल्डिंग बनवाने के लिए अधिकारियों व मुख्यमंत्री से मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक नहीं बनी। स्कूल की बिल्डिंग को वर्ष 2015-16 में कंडम घोषित करके तोड़ा गया था। नई बिल्डिंग बनवाने के लिए ग्राम पंचायत ने वर्ष 2019 में लोक निर्माण विभाग व जिला शिक्षा अधिकारी के बैंक अकाउंट में 5 करोड़ 43 लाख 97 हजार रुपए जमा करवाए थे। इसके बाद स्कूल की नई बिल्डिंग का निर्माण करने के लिए विभाग के अधिकारियों से कई बार मिल चुके हैं लेकिन 8 साल बीत जाने के बाद भी आज तक कोई कार्य शुरू नहीं किया गया।इसी के चलते ग्रामीण रोषस्वरूप सोमवार को मानसरोवर पार्क में एकत्रित हुए। इस दौरान वे भैंस के आगे बीन बजाकर प्रदर्शन करते हुए लघु सचिवालय पहुंचे। ग्रामीणों ने कहा कि स्कूल का भवन नहीं बनने के कारण दो शिफ्टों में कक्षाएं लग रही हैं। जिससे विद्यार्थियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। यहां तक कि बच्चों की पढ़ाई भी प्रभावित हो रही है। अगर विभाग स्कूल का भवन नहीं बनवा सकते तो पंचायत को यह जिम्मेदारी दें, ग्रामीण मिलकर भवन का निर्माण करवा लेंगे। ग्रामीणों में महिलाओं की तादाद भी काफी दर्ज की गई और उनके साथ जिला परिषद वार्ड 10 से सदस्य जयदेव डागर भी लघु सचिवालय के बाहर सड़क पर बैठकर नारेबाजी करते नजर आए।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here