Home Ambala हरियाणा रोड़वेज की बसों में यात्रियों के लिए होगी पीने...

हरियाणा रोड़वेज की बसों में यात्रियों के लिए होगी पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था

134
0
अम्बाला : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा में पड़ रही भयंकर गर्मी इन दिनों सारे रिकॉर्ड तोड़ रही है। लू के थपेड़ों ने जहां आमजन का घर से निकलना मुश्किल कर दिया है ।वहीं कई लोगों को मजबूरन घर से निकलना पड़ रहा है। इनमें अधिकतर ऐसे भी लोग हैं जो इस चिलचिलाती गर्मी में बसों में भी सफर करने को मजबूर हैं। भयंकर गर्मी में हरियाणा रोड़वेज में सफर करने वाले यात्रियों को अब बड़ी राहत देने का फैसला परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने लिया है।
परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने दिए निर्देश 
हरियाणा के परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने बढ़ती गर्मी के कारण हरियाणा राज्य  परिवहन की सभी बसों में यात्रियों के लिए पीने के ठंडे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं। आज राज्य के परिवहन मंत्री के आदेशों के बाद परिवहन विभाग के उच्च अधिकारियों की ओर से प्रदेश के सभी महाप्रबन्धकों को निर्देश दिए गए हैं कि राज्य परिवहन, हरियाणा की सभी बसों यानी हरियाणा रोड़वेज में ठंडे पानी की व्यवस्था की जाए ताकि यात्रियों को पानी के अभाव में परेशानी का सामना न करना पड़े। निर्देशों में कहा गया है कि वर्तमान में लगातार बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का कहर बढ़ता जा रहा है। जिस कारण बसों में यात्रा कर रहे यात्रियों को भी परेशानी हो रही है। गर्मी के कारण लगातार पानी की आवश्यकता भी पड़ती है। कई बार ऐसे स्थान भी होते है जहां पानी की व्यवस्था नहीं होती। इसलिए परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने तुरन्त प्रभाव से सभी बसों में ठण्डे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।
बसों में कैंपर रखकर ठंडे पानी की व्यवस्था होगी 
परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने कहा कि भीषण गर्मी के बीच यात्रियों को बस में सफर करने के दौरान कोई समस्या न हो इसके मद्देनजर हर बस में ठंडे पानी की व्यवस्था करने के निर्देश दिए गए हैं। उन्होंने बताया कि बसों में कैंपर रखकर ठंडे पानी की व्यवस्था की जाएगी। इसके साथ ही परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल ने प्राइवेट बस संचालकों से भी आह्वाहन किया है कि वो भी बसों में पानी की व्यवस्था करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here