Home Haryana अंबाला में ट्रैक्टर पार्ट्स फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग,...

अंबाला में ट्रैक्टर पार्ट्स फैक्ट्री में ब्लास्ट के बाद लगी भीषण आग, लाखों का सामान राख

2
0

अंबाला (अंकुर कपूर)। अंबाला के रामपुर सरसेहड़ी मोड़ स्थित एक ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने वाली फैक्ट्री में शुक्रवार सुबह जोरदार ब्लास्ट के बाद भीषण आग लग गई। हादसा सुबह करीब 5 बजे हुआ। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में इसकी आवाज सुनाई दी और कई घरों की खिड़कियों के शीशे तक हिल गए। अचानक हुए धमाके और फैक्ट्री से उठती आग की लपटों को देखकर आसपास के लोगों में दहशत फैल गई।

स्थानीय लोगों ने तुरंत डायल 112 और फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। जानकारी मिलते ही पुलिस और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। आग की भयावहता को देखते हुए बाद में तीन और दमकल गाड़ियों को मौके पर बुलाया गया। काफी मशक्कत के बावजूद आग पर काबू पाने का प्रयास जारी रहा।

रामपुर सरसेहड़ी मोड़ पर सुशांत अग्रवाल की ट्रैक्टर पार्ट्स बनाने की फैक्ट्री है। फैक्ट्री मालिक के अनुसार, वह रोजाना की तरह रात में फैक्ट्री बंद करके घर गए थे। सुबह करीब 5 बजकर 7 मिनट पर अचानक फैक्ट्री से धुआं उठता दिखाई दिया। आसपास के लोगों ने आग की लपटें देखीं और इसकी सूचना दमकल विभाग को दी।

फैक्ट्री मालिक सुशांत अग्रवाल ने दमकल विभाग की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए आरोप लगाया कि यदि समय पर पर्याप्त पानी के साथ दमकल की गाड़ी पहुंच जाती तो आग को शुरुआती स्तर पर ही नियंत्रित किया जा सकता था। उनका दावा है कि पहली दमकल गाड़ी में पानी कम था, जबकि दूसरी गाड़ी करीब एक घंटे बाद पहुंची। इस दौरान आग तेजी से फैल गई और फैक्ट्री को अपनी चपेट में ले लिया।

सुशांत अग्रवाल ने बताया कि फैक्ट्री में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो गया है और उन्हें करोड़ों रुपये के नुकसान की आशंका है। उन्होंने यह भी कहा कि क्षेत्र को प्रशासन की ओर से बाढ़ संभावित इलाका घोषित किए जाने के कारण पिछले करीब एक साल से फैक्ट्री का इंश्योरेंस नहीं हो पा रहा है। ऐसे में आग की घटना ने उनकी परेशानी और बढ़ा दी है।

वहीं, डायल 112 के इंचार्ज परदीप राणा के अनुसार, पुलिस को सुबह करीब 5:20 बजे रामपुर सरसेहड़ी मोड़ स्थित आजाद नगर की एक फैक्ट्री में भीषण आग लगने की सूचना मिली थी। उन्होंने बताया कि फैक्ट्री रिहायशी इलाके में स्थित है। मौके पर बिजली की तारें काफी नीचे होने और गलियों में लोगों के वाहन खड़े होने के कारण दमकल की गाड़ियों को अंदर पहुंचने में परेशानी हुई। इसके चलते दूसरी दिशा से भी आग बुझाने का प्रयास किया गया।

घटना के बाद आसपास रहने वाले लोग अपने बच्चों को लेकर घरों से बाहर निकल आए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 5 बजे जोरदार ब्लास्ट की आवाज सुनाई दी। बाहर निकलकर देखा तो फैक्ट्री में आग की ऊंची लपटें उठ रही थीं। फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। शुरुआती तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है।

फायर ब्रिगेड अधिकारी ने बताया कि सूचना मिलते ही दो दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। आग काफी भीषण होने के कारण अतिरिक्त दमकल गाड़ियां भी बुलानी पड़ीं। आग पर पूरी तरह काबू पाने के लिए राहत एवं बचाव कार्य जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here