करनाल : चन्द्रिका ( TSN)- मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी आज करनाल के आर्य समाज मंदिर में पहुंचे । पतंजलि योग समिति द्वारा आयोजित इस कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री एवं करनाल लोकसभा प्रत्याशी मनोहर लाल व मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी दोनों मौजूद रहे। यहां उन्होंने लोगों से देश की मजबूती के लिए नरेंद्र मोदी को तीसरी बार प्रधानमंत्री बनाने की अपील की। कार्यक्रम में योग गुरु स्वामी का संदेश योग साधकों को सुनाया गया जिसमें उन्होंने सभी योग साधकों और आर्य समाज के लोगों से एकजुट होकर राष्ट्र निर्माण के इस हवन यज्ञ में अपना योगदान देने की बात कही।
संविधान बदलने के आरोपों पर कांग्रेस पर किया जुबानी ह*मला
मीडिया से बातचीत में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने कहा कि उनका चुनाव प्रचार अच्छा चल रहा है। सैनी ने योग गुरु रामदेव की प्रशंसा करते हुए कहा कि वह सुबह 4:00 बजे उठते हैं और योग के माध्यम से पूरे देश के लोग बीमारियों से दूर रहें और उनका स्वास्थ्य अच्छा हो इसके लिए साधक के रूप में कार्य करते हैं। विपक्ष द्वारा संविधान बदलने के बयान पर नायब सैनी ने कहा कि विपक्ष झूठ बोलने और लोगों को गुमराह करने का काम कर रहा है । उन्होंने कहा कि कांग्रेस की सोच देश को कमजोर करने और समस्याएं पैदा करने वाली सोच है। नायब सिंह सैनी ने कहा की लोगों ने उन्हें नकार दिया है और आज वे नरेंद्र मोदी के साथ खड़े हैं। एक सवाल के जवाब में मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस के अंदर एक बड़ी फुट है और यह मंचों के ऊपर भी सार्वजनिक रूप से सामने आती है। क्योंकि कांग्रेस परिवारवाद के मोह में फंस गई है, चाहे वह केंद्र में गांधी परिवार हो या प्रदेश में हुड्डा परिवार। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि पहले बापू बेटा दोनों चुनाव लड़े थे, दोनों हार गए और अब बापू मैदान छोड़कर भाग गया और बेटे को फंसा दिया है,वह भी हारेगा। उन्होंने कहा कि बावरिया चिट्ठी लिखता जाएगा और कांग्रेस का सुपड़ा साफ हो जाएगा।







