अम्बाला : चन्द्रिका ( TSN)- हरियाणा में लोकसभा चुनाव के प्रचार में जुटे भाजपा प्रत्याशियों को विरोध का सामना करना पड़ रहा है। शनिवार को भी अंबाला सिटी के गांव में प्रचार करने पहुंची अंबाला लोकसभा से भाजपा प्रत्याशी बंतो कटारिया को विरोध का सामना करना पड़ा। जब किसानों ने बंतो से सवाल किए तो बंतो हाथ जोड़ खड़ी हो गई। यहां, भारतीय किसान यूनियन शहीद भगत सिंह के जिला अध्यक्ष गुरमीत सिंह माजरी समेत अन्य किसानों ने पूछा कि जब अंबाला में आपदा आई थी तो उस वक्त कहां थे ? पूछा कि किसान दिल्ली जा रहे थे तो हरियाणा सरकार ने क्यों जुल्म किया ?
किसानों ने उत्तर प्रदेश के लखीमपुर खीरी मामले में अभी तक कार्रवाई न होने को लेकर भी आरोप लगाए । इस दौरान परिवहन राज्य मंत्री असीम गोयल भी बार-बार किसानों को समझाते नजर आए। वह लिखित रूप से किसानों की मांगें मांगते दिखे। इस मौके पर उनके साथ भाजपा जिला अध्यक्ष मनदीप राणा समेत अन्य भाजपा नेता व वर्कर्स भी उपस्थित थे।
हर गांव में भाजपा का विरोध करेंगे किसान: माजरी
किसान नेता गुरमीत सिंह माजरी ने कहा कि पुलिस-प्रशासन किसानों भाजपा प्रत्याशियों के कार्यक्रम कराने का दबाव बना रहा है। किसान अपने हकों की आवाज भी नहीं उठा सकते।कहा कि जो किसानों की कातिल सरकारों का कार्यक्रम कराएगा, वह भी उसका भागीदार होगा। उन्होंने कहा कि किसान भाजपा प्रत्याशियों का गांव पहुंचने पर विरोध करें। बता दें कि इससे पहले पंचकूला में भी बंतो कटारिया से किसान सवाल जवाब करने पहुंचे थे। हालांकि, यहां पुलिस ने किसानों को पहले ही रोक लिया था।







