भिवानी (अंकुर कपूर): हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ पर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने समान नागरिक कानून का समर्थन करते हुए कहा कि जल भराव से परेशान किसानों का समाधान ना करने वाले अधिकारियों को नौकरी करने का हक नहीं। वहीं राहुल की यात्रा को लेकर एक हुए कांग्रेसी नेताओं पर हंसी जाहिर की। बता दें कि जेपी दलाल अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान कई नव निर्वाचित सरपंच व पार्षद उनसे मुलाक़ात करने आए। उन्होंने सभी को बधाई दी। वहीं समस्या लेकर आए लोगों की तुरंत संबंधित अधिकारियों को फोन कर समाधान के निर्देश दिए। इसके बाद वो मीडिया से मुख़ातिब हुए और देश प्रदेश के मुद्दों को लेकर अपनी राय रखी।
कृषि मंत्री ने समान नागरिकता कानून का भी समर्थन किया और इशारों ही इशारों में कांग्रेस पर कटाक्ष करते हुए कहा कि तुष्टिकरण के कारण देश को जाति व धर्म के नाम पर बांटने की कोशिश की गई, जिसका देश को खामियाजा भुगतना पड़ा। उन्होंने कहा कि हर विकसित व मुस्लिम देशों में एक क़ानून है तो हमारे यहां भी एक देश एक कानून होना चाहिए। राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा को लेकर एक हुए कांग्रेस नेताओं पर जेपी दलाल खूब हंसे। उन्होंने कहा कि सब जानते हैं कि ये अपने माईबाप के जाते ही फिर लड़ने लगेंगे। वहीं कई ज़िलों में जल भराव की समस्या पर उन्होंने सख़्ती दिखाते हुए कहा कि किसी भी किसान को जल भराव के चलते बिजाई से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा।
उन्होंने साफ कहा कि कोई भी अधिकारी किसान की समस्या का हल नहीं करेगा तो उसे नौकरी करने का कोई अधिकार नहीं। ऐसे लापरवाह अधिकारियों को ना केवल सस्पेंड बल्कि टरमिनेट भी किया जाएगा। इसके साथ ही उन्होंने विपक्ष द्वारा विधानसभा सत्र का समय कम होने के आरोप पर पलटवार किया और कहा कि हमारे सीएम बहुत लिबरल हैं। विपक्ष जनहित के मुद्दों की बजाय सत्ता पाने में लगा हुआ है।







