Home Haryana टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में करनाल से 22 वर्षीय...

टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग मामले में करनाल से 22 वर्षीय महिला गिरफ्तार

18
0

करनाल। बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने करनाल से 22 वर्षीय महिला को गिरफ्तार किया है। महिला की पहचान सुनेहा पत्नी अभिषेक के रूप में हुई है। वह करनाल के रामनगर थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी की रहने वाली है। मुंबई क्राइम ब्रांच ने पानीपत क्राइम ब्रांच की मदद से उसे गिरफ्तार किया। इसके बाद पुलिस टीम उसे अपने साथ मुंबई ले गई।

रामनगर थाना प्रभारी दीपचन्द के अनुसार, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम एपीआई दिनेश के नेतृत्व में मामले की जांच के सिलसिले में करनाल पहुंची थी। टीम ने रामनगर थाना क्षेत्र की शिव कॉलोनी में महिला की तलाश में कार्रवाई की। पानीपत क्राइम ब्रांच की सहायता से उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। जांच के दौरान गिरफ्तारी आवश्यक पाए जाने पर उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

पुलिस के मुताबिक, मुंबई क्राइम ब्रांच की टीम के करनाल पहुंचने पर रामनगर थाने में आमद-रवानगी की रपट दर्ज की गई थी। महिला को गिरफ्तारी के कारणों और आधार की लिखित जानकारी दी गई। इसके अलावा उसके पिता सुरेंद्र पासवान को भी गिरफ्तारी की सूचना से संबंधित लिखित नोटिस सौंपा गया।

गौरतलब है कि 18 अक्टूबर को मुंबई के जुहू इलाके में फुटबॉल ग्राउंड से निकलते समय अभिनेता टाइगर श्रॉफ की कार पर फायरिंग की गई थी। इस घटना में अभिनेता बाल-बाल बच गए थे, जबकि कार चालक और मौके पर मौजूद एक ब्लॉगर घायल हुए थे। घटना के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच शुरू की थी।

इस मामले में मुंबई पुलिस अब तक कुल 13 आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। गिरफ्तार आरोपियों में तीन महिलाएं भी शामिल हैं। करनाल से पकड़ी गई सुनेहा की इस मामले में क्या भूमिका रही है, इसे लेकर मुंबई क्राइम ब्रांच की जांच जारी है।

 

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here