यमुनानगर : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा के कृषि मंत्री आज जगाधरी विधानसभा के गांव ताहरपुर पहुंचे और ओलावृष्टि और बरसात से खराब हुई किसानों की गेहूं की फसल का जायजा लिया ।इस दौरान किसानों ने कृषि मंत्री को अपने खेतों में ले जाकर फसल की स्थिति दिखाई ।वहीं कृषि मंत्री ने भी किसानों की समस्या को जान मौके से ही कृषि विभाग के उच्च अधिकारियों को फोन किया.
फसल के नुकसान की भरपाई करेगी सरकार
कृषि मंत्री कंवर पाल गुर्जर ने कहा कि पूरे प्रदेश में कई जगह पर बरसात और ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को काफी नुकसान हुआ है.इसको लेकर आकलन किया जा रहा है ताकि सही समय पर किसानों को मुआवजा उपलब्ध करवाया जा सके। उन्होंने कहा कि किसानों को जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी ।कंवर पाल गुर्जर ने बताया की क्षतिपूर्ति पोर्टल को लेकर जो समस्या आ रही थी उसे भी दूर कर दिया गया है और पोर्टल को खुलवा दिया गया है ।उन्होंने बताया कि एक और समस्या सामने आई थी कि जिसमें दो एकड़ के किसान है,उन्होंने पोर्टल पर अपनी फसल का पंजीकरण नहीं किया था. उनके लिए भी पोर्टल को खोल दिया जायेगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार इस संकट की घड़ी में किसानों के साथ है।इस मौके पर कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ साथ तहसील दार,पटवारी मौजूद रहे।







