चण्डीगढ : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा के गृह मंत्री अनिल विज ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने महिलाओं को सिलेंडर पर 100 रूपए छूट देकर बहुत ही बड़ा तोहफा दिया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री चाहते हैं कि महिलाएं राजनीति में भी आगे आएं तथा इसके लिए महिला आरक्षण बिल भी पास किया गया है। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अपने आपको इसके लिए तैयार करना होगा। महिलाएं गली-गली, मोहल्ले-मोहल्ले में निकलें और छोटे-छोटे ग्रुप बनाएं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी सफाई इत्यादि की समस्याओं को हल करने में हिस्सेदारी रखने के लिए हमें तैयार भी रहना होगा।
गृह मंत्री ने कहा कि हरियाणा में डायल-112 सफलतापूर्वक कार्य कर रही है और इसका पहुंचने का समय लगभग 8 मिनट है यानि हरियाणा का हर आदमी यह मानता है कि पुलिस उसके साथ है। यदि कोई घटना या दुर्घटना होती है तो हरियाणा में पुलिस लगभग 8 मिनट में वहां पर पहुंच जाती है। उन्होंने कहा कि डायल-112 में बहुत ही सफलतम कहानियां भी है। उन्होंने कहा कि हम सभी थानों में महिला हैल्प डेस्क बनाने जा रहे है और इससे पहले महिला थाने बनाए गए हैं। इसी प्रकार, हम हर क्षेत्र में कार्य कर रहे है।







