रोहतक : चन्द्रिका ( TSN)- कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य दीपेंद्र हुड्डा मंगलवार को हांसी रेलवे स्टेशन से ट्रेन में सवार होकर दोपहर के समय रोहतक रेलवे स्टेशन पहुंचे। दरअसल 16 फरवरी को ही प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से रोहतक-महम-हांसी रेलवे लाइन का उद्घाटन किया था। इसी के साथ इस रेल मार्ग पर ट्रेन को हरी झंडी भी दिखाकर रवाना किया था। अब इसी ट्रेन में पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ सवार होकर दीपेंद्र हुड्डा ने रोहतक तक का सफर किया। रास्ते में आने वाले सभी स्टेशन पर उन्होंने हाथ हिलाकर कांग्रेस पार्टी और लोगों का अभिवादन किया।
सरकार पर जान बूझकर रेल प्रोजेक्ट में देरी करने का लगाया आरोप
रोहतक रेलवे स्टेशन पर पहले से ही पार्टी कार्यकर्ता दीपेंद्र हुड्डा का इंतजार कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने कहा कि इस रेल परियोजना से न सिर्फ प्रदेश में कनेक्टिविटी को नई दिशा मिलेगी अपितु रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे और लोगों का सफर आसान हो जाएगा। उन्होंने सरकार पर जान बूझकर इस रेल प्रोजेक्ट में देरी करने का आरोप लगाया। पत्रकारों से बातचीत में कांग्रेस के राज्यसभा सदस्य ने कहा कि उन्होंने काफी भाग दौड़ कर रोहतक-महम-हांसी रेलवे लाइन को यूपीए सरकार के कार्यकाल में मंजूर कराया था। 28 जुलाई, 2013 को तत्कालीन रेल मंत्री मल्लिकार्जुन खड़गे एवं तत्कालीन मुख्यमंत्री भूपेन्द्र सिंह हुड्डा ने हांसी में रेल-रोड रैली करके शिलान्यास कर काम शुरू कराया था। फिर इस रेल लाइन को उन्होंने न सिर्फ मंजूर कराया बल्कि बजट को भी मंजूरी दिलवाई।
दीपेद्र हुड्डा ने दावा किया कि इस रेल प्रोजेक्ट की मंजूरी से लेकर शिलान्यास तक और फिर इसका काम पूरा होने तक वे लगातार फाइल का पीछा करते रहे। उनका इस प्रोजेक्ट से गहरा लगाव रहा है। उन्होंने कहा कि हांसी, महम और भिवानी के बीच में प्रस्तावित इंटरनेशनल एयरपोर्ट को अगर भाजपा सरकार हरियाणा से उठाकर यूपी नहीं ले जाती तो आज हरियाणा का नक्शा ही कुछ और होता। यूपीए सरकार के कार्यकाल में बहुत मेहनत करके महम का इंटरनेशनल एयरपोर्ट और गोहाना की रेल कोच फैक्ट्री मंजूर कराई थी। भाजपा सरकार इन दोनों बड़ी परियोजनाओं को हरियाणा से बाहर ले गई।
रोहतक लोकसभा क्षेत्र से ही कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर लड़ेंगे चुनाव
दीपेंद्र हुड्डा ने एक एक सवाल के जवाब में कहा कि वे रोहतक लोकसभा क्षेत्र से ही कांग्रेस प्रत्याशी के तौर पर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस पार्टी की ओर से भेजे गए पैनल में प्रत्याशी के तौर पर सिर्फ उन्हीं का नाम है। वहीं, कांग्रेस के नेता ने किसानों की मांगों का बातचीत के जरिए हल करने की मांग की। उन्होंने कहा कि किसान एमएसपी समेत अपनी अन्य मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और सरकार को इन मांगों को पूरा करना चाहिए। पिछली बार किसानों ने जब आंदोलन किया था तब सरकार ने कमेटी बनाकर किसानों की मांगों को पूरा करने की बात कही गई लेकिन इस मामले में किसानों के साथ वादाखिलाफी की गई।







