फतेहाबाद/ चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) और राज्यसभा सांसद डॉ. संदीप पाठक ने सुबह फतेहाबाद , हिसार अर्बन, सिरसा और शाम को भिवानी में भिवानी महेंद्रगढ़ और चरखी दादरी के पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की। इस मौके उनके साथ आम आदमी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता और वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा मौजूद रहे। इस दौरान उन्होंने हरियाणा में शिक्षा व्यवस्था को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा।
सरकारी स्कूलों में 30 हजार से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली
डॉ. संदीप पाठक ने कहा कि हरियाणा में शिक्षा व्यवस्था पूरी तरह से चौपट हो चुकी है। भाजपा सरकार द्वारा प्रदेश में मर्जर के नाम पर 832 स्कूलों को बंद किया जा रहा है, जिससे लगभग 7349 बच्चों का भविष्य अंधकारमय है। इसके अलावा 1032 निजी स्कूलों की मान्यता रद्द कर दी है, जिससे लगभग 60 हजार बच्चों का भविष्य अंधकार में है। उन्होंने कहा कि सरकारी स्कूलों में 30,000 से ज्यादा शिक्षकों के पद खाली पड़े हैं, कई स्कूलों में तो चार कक्षाओं पर एक ही टीचर उपलब्ध है। बच्चे 70 से 80 साल पुरानी सरकारी स्कूल की इमारत में पढ़ने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि जहां एक तरफ पंजाब सरकार ने शिक्षा का बजट बढ़ा दिया, वहीं हरियाणा सरकार ने 11.7% शिक्षा का बजट घाटा दिया। इसी से पता चलता है कि शिक्षा हरियाणा सरकार की प्राथमिकता ही नहीं है। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी 2024 में सरकार बनाकर हरियाणा के सरकारी स्कूलों को भी बेहतरीन बनाने का काम करेगी।







