हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने शुक्रवार को देर सांय सभी जिला उपायुक्तों के साथ विकसित भारत संकल्प यात्रा की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक की । उन्होंने उपायुक्तों से यात्रा के संबंध में फीडबैक लिया और नागरिकों की समस्याओं का त्वरित निदान बारे भी फीडबैक लिया। उन्होंने जिला उपायुक्तों निर्देश देते हुए कहा कि प्रत्येक जिले में आयोजित कार्यक्रमों में नागरिकों की उपस्थिति बढ़ाने का प्रयास करें ताकि नागरिकों की समस्याओं का मौके पर ही निदान हो सके।
मुख्यमंत्री ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य केंद्र व राज्य सरकार की कल्याणकारी योजनाओं का लाभ नागरिकों को उनके घर द्वार पर देना है। उन्होंने निर्देश देते हुए कहा कि यात्रा के दौरान आयोजित कार्यक्रमों में केंद्र व राज्य सरकार की फ्लैगशिप योजनाओं परिवार पहचान पत्र, आयुष्मान योजना, निरोगी हरियाणा इत्यादि के स्टॉल्स की संख्या को बढ़ाया जाए ताकि अधिक से अधिक नागरिकों को सुविधा उपलब्ध करवाई जा सके। मुख्यमंत्री ने यह भी निर्देश दिए कि सेवा विभाग और नागरिक संसाधन सूचना विभाग (क्रिड) की अलग- अलग टीमें गठित की जाएं, ताकि हर नागरिक के प्रतिवेदन को स्वीकार किया जा सके और उनकी समस्याओं का संपूर्ण समाधान सुनिश्चित हो सके। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि हर गांव में आयोजित होने वाले कार्यक्रमों से संबंधित डाटा दर्ज करने के लिए डीआईओ ही नोडल अधिकारी नियुक्त किया जाए।
स्कूलों में परीक्षाओं के मद्देनजर किया जाए कार्यक्रमों का आयोजन
बैठक के दौरान यात्रा में जिलों की समीक्षा करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि जिला प्रशासन के अधिकारी लोगों को अधिक से अधिक जागरूक करें और उन्हें योजनाओं का लाभ प्रदान करें। उन्होंने कहा कि हाई स्कूल और हाई सेकेंडरी स्कूलों में परीक्षाओं के मद्देनजर कार्यक्रमों का आयोजन इस प्रकार से किया जाए कि बच्चों की पढ़ाई बाधित न हो।







