हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-देशभर में गर्मी का कहर जारी है, जिसके चलते प्रत्येक व्यक्ति इस भीषण गर्मी से बचाव में लगा हुआ है. इसी कड़ी में पलवल पुलिस भी अपराध पर अंकुश लगाने के साथ-साथ जनसेवा एवं मानव धर्म का भी सोशल रोल निभा रही है। इसी कड़ी में आज एसपी पलवल के निर्देशन में थाना होडल के सामने पानी की एक छबील का आयोजन किया गया। जिसमें राहगीरों व यात्रियों को शीतल व मीठा जल पिलाकर जल सेवा की गई।
होडल थाना प्रभारी निरीक्षक मोहम्मद इलियास ने कहा कि इस भीषण गर्मी में ठंडा पानी लोगों के लिए अमृत के समान है। जब कोई व्यक्ति घर से निकलता है तो उसे भोजन प्राप्त हो या न हो लेकिन अगर ऐसी गर्मी में ठंडा व मीठा पानी मिल जाए तो उसके लिए अमृत के समान होता है। 124 मानव भलाई के कार्यों में से जल सेवा एक है। पानी पिलाना सबसे बड़ा पुण्य का कार्य है। घर पर आए अतिथि को अगर पानी न दिया जाए तो उसे अपमान महसूस होता है। इसलिए हम अपने घरों में आने वाले अतिथि को सबसे पहले पानी देते और उसके बाद उसके हाल चाल पूछते है इसलिए जलसेवा को सबसे बड़ी सेवा माना जाता है। एसएचओ ने बताया की उनका अलग लक्ष्य आगामी अगस्त में अधिक से अधिक वृक्ष लगाने का है।







