हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)-विकसित भारत संकल्प यात्रा गांव गढीबीरबल व चैंगावा में पहुंची जहां दौरान ग्रामीणों को केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई । विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में विधायक रामकुमार कश्यप ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत करते हुए विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए स्टॉलों का अवलोकन कर सभी विभागों के अधिकारियों से योजनाओं की जानकारी ली और मौके पर ही अधिकारियों को निर्देश दिए कि वे ग्रामीणों की ज्यादा से ज्यादा समस्याओं का जल्द समाधान करें।
विधायक रामकुमार कश्यप ने कहा कि केन्द्र और राज्य की अटल भूजल योजना के तहत हर घर नल से जल पहुंचाया जा रहा है। प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री मनोहर लाल के प्रयासों से व्यवस्था परिवर्तन का दौर चला है, उसी का परिणाम है कि समाज के अन्तिम व्यक्ति को घर बैठे ही सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। सरकार की योजनाओं से वंचित लोगों को भी लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से विकसित भारत संकल्प एवं जनसंवाद यात्रा एक मील का पत्थर साबित होगी। कार्यक्रम में वर्ष 2047 तक देश को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए शपथ भी दिलाई गई।







