अंबाला (एकता): मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने कहा कि प्रदेश में लोगों की आय में इजाफा करने और रोजगार के अवसर मुहैया करवाने के लिए लगातार कई योजनाएं चलाई जा रही हैं। अब प्रदेश के हर गांव में सांझी डेयरी योजना लागू करके लोगों की आय को बढ़ाने का काम किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने जनसंवाद कार्यक्रम में पहुंचते ही रेडक्रॉस के माध्यम से गांव दनियालपुर के रमेश, वोपिन और पिंकी को ट्राइसाइकिल भेंट की और इसके बाद जनसंवाद कार्यक्रम के मंच से लोगों के साथ सीधा संवाद किया। मुख्यमंत्री ने गांव दनियालपुर की श्रीदेवी, सूरजपाल व ओमप्रकाश को बुढ़ापा पेंशन का तोहफा दिया। उन्होंने गांव के विकास पर खर्च की गई राशि का ब्यौरा देते हुए कहा कि गांव के विकास पर अब तक पंचायत के माध्यम से 1 करोड़ 38 लाख रुपए की राशि खर्च की जा चुकी है।
उन्होंने कहा कि गांव दनियालपुर में सब हेल्थ सेंटर व बारात घर के अलावा गांव की गलियों, नालियों के साथ-साथ अन्य कार्यों पर 50 लाख का बजट खर्च किया जाएगा। जनसंवाद कार्यक्रम में एक अन्य व्यक्ति द्वारा रखी गई समस्या पर बोलते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने अवैध कालोनियों में रजिस्ट्रीयां बंद की है। 556 परिवारों और 2212 जनसंख्या वाले गांव दनियालपुर में केन्द्र व राज्य सरकार ने बिना खर्ची व पर्ची के 8 सरकारी नौकरियां दी हैं। इन सभी प्रार्थियों को बैंकों के जरिए से आर्थिक सहायता मुहैया करवाई जाएगी।







