हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- हरियाणा भाजपा प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने गुरुवार को पंचकूला में नवनियुक्त प्रदेश महामंत्रियों की बैठक ली। प्रदेश कार्यालय ‘‘पंचकमल’’ में हुई इस बैठक में आगामी कार्य योजनाओं पर मंथन हुआ। बैठक में 6 जनवरी को राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के रोड शो को लेकर भी रणनीति बनाई गई।
पंचकूला जिला कोर कमेटी की बैठक भी ली
प्रदेश महामंत्री नियुक्त करने के दूसरे दिन गुरुवार को प्रदेश अध्यक्ष सैनी की नवनियुक्त प्रदेश महामंत्री मोहन लाल बड़ौली, सुरेंद्र पुनिया के साथ यह पहली बैठक थी। इस बैठक में संगठन मंत्री फणीन्द्रनाथ शर्मा भी उपस्थित रहे । प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने लोकसभा और विधानसभा चुनावों की रणनीति पर विस्तार से विचार विमर्श किया । बैठक में विकसित भारत संकल्प यात्राओं को और सफल बनाने के लिए काम करने के लिए कहा और जरूरी दिशा निर्देश दिए गए । उन्होंने कहा कि मोदी की गारंटी वाली गाड़ी का लाभ हरेक पात्र व्यक्ति को मिले इसके लिए हम सभी को और अधिक काम करना चाहिए। सैनी ने कहा कि मोदी-मनोहर सरकार द्वारा जनता के लिए बनाई गई कल्याणाकरी योजनाएं जन-जन तक पहुंच रही है। सैनी ने बताया कि मनोहर सरकार ने समाज के अलग-अलग वर्गों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाकर उन्हें सशक्त किया है।इससे पहले प्रदेश अध्यक्ष नायब सैनी ने पंचकूला जिला कोर कमेटी की बैठक ली। जिसमें उन्होंने 6 जनवरी को भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के होने वाले रोड शो की तैयारियों की समीक्षा की और संबंधित दिशा निर्देश दिए। उन्होंने 6 जनवरी की शाम को होने वाली प्रदेश कोर ग्रुप की बैठक की तैयारियों को लेकर भी जिला के पदाधिकारियों से बातचीत की।







