चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)- आम आदमी पार्टी ने प्रदेशस्तरीय बदलाव यात्रा के दूसरे दिन महिला सुरक्षा को लेकर हरियाणा सरकार को घेरा। दूसरे दिन प्रदेश अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद डॉ. सुशील गुप्ता फरीदाबाद में रहे। प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर सिरसा, वरिष्ठ प्रदेश उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा नारनौल और प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा अंबाला में रहीं।
महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति कर रही सरकार
डॉ. सुशील गुप्ता ने कहा कि प्रदेश में दिन प्रतिदिन महिलाओं, बेटियों और बच्चियों के प्रति अपराध बढ़ रहे हैं। प्रदेश सरकार महिला सुरक्षा के मुद्दे पर राजनीति कर रही है। महिलाओं की सुरक्षा के प्रति सरकार की असंवेदनशीलता लगातार बढ़ती जा रही है। महिलाएं डर के साए में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के आंकड़ों के अनुसार हरियाणा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पूरे देश में नीचे से पहले नंबर पर हैं। राष्ट्रीय संयुक्त सचिव चौधरी निर्मल सिंह ने कहा कि बेटियों के स्कूलों में जहां अपमानजनक स्थिति का सामना करना पड़ता है, वहीं छात्राओं के स्कूलों में मूलभूत सुविधाओं का भी अभाव है। प्रदेश के ज्यादातर स्कूलों में छात्राओं के लिए शौचालय तक भी नहीं हैं। ऐसी स्थिति में बेटियों का शिक्षा से भी मोह भंग हो रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं और महिलाओं के मुद्दे इस सरकार की प्राथमिकता में नहीं हैं।
हरियाणा पूरे देश में दूसरा सबसे असुरक्षित राज्य
प्रदेश प्रचार समिति के अध्यक्ष डॉ. अशोक तंवर ने कहा कि भाजपा के राज में हरियाणा आज पूरे देश में दूसरा सबसे असुरक्षित राज्य बन गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार के मंत्री तक आप+राधिक घटनाओं में लिप्त हैं, लेकिन उनपर कोई कार्रवाई नहीं होती। उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी कानून व्यवस्था से लेकर आम जन की लड़ाई मजबूती से लड़ना चाहती है, इसलिए बदलाव की जरुरत है।
छात्राओं, महिलाओं को न्याय नहीं मिलता
प्रदेश वरिष्ठ उपाध्यक्ष अनुराग ढांडा ने कहा कि हरियाणा में छात्राओं और महिलाओं को न्याय नहीं मिलता है। प्रदेश में आरोपियों के हौंसले बुलंद हैं ।वहीं महिलाएं घरों से भी बाहर नहीं निकलने से भी डरती हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश की महिला पहलवानों को एफआईआर लिखवाने के लिए जंतर मंतर पर बैठना पड़ा था। हरियाणा में छात्राओं और महिलाओं के लिए न्याय नहीं है। वहीं प्रदेश उपाध्यक्ष चित्रा सरवारा ने कहा कि चरखी दादरी के सबसे बड़े सिविल अस्पताल में बिजली नहीं है। आज हरियाणा में मोबाइल फोन टॉर्च की लाइट में महिला की डिलिवरी हो रही है। उन्होंने कहा कि सीएम मनोहर लाल के राज में प्रदेश का हर वर्ग हड़ताल पर है। इन सब मुद्दों को लेकर हरियाणा में बदलाव यात्रा निकाली जा रही है। आम आदमी पार्टी ने पहले दिल्ली को बदला फिर पंजाब को अब हरियाणा की बारी है।







