Home Haryana बारिश के बाद अंबाला में छाई मौसम की पहली घनी धुंध, 10...

बारिश के बाद अंबाला में छाई मौसम की पहली घनी धुंध, 10 मीटर तक दृश्यता हुई कम

25
0
Screenshot

अंकुर कपूर, अंबाला। हरियाणा में हुई बारिश के बाद मौसम ने अचानक करवट ले ली है। अक्टूबर के आखिरी दिन शनिवार सुबह अंबाला में मौसम की पहली घनी धुंध देखने को मिली। धुंध इतनी अधिक थी कि करीब 10 मीटर की दूरी पर भी साफ दिखाई देना मुश्किल हो गया। सड़कों से लेकर बाजारों तक चारों ओर धुंध की सफेद चादर नजर आई। कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और सड़कों पर वाहनों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

सुबह के समय शहर में कई वाहन चालक लाइट जलाकर चलते दिखाई दिए। दिन निकलने के बाद भी सड़कों पर वाहनों की हेडलाइट जलती रही। धुंध के कारण वाहन चालकों को आगे का रास्ता देखने में दिक्कत हुई और कई जगह वाहन रेंगते हुए नजर आए। वहीं, सुबह की सैर के लिए पार्कों में पहुंचने वाले लोगों की संख्या भी सामान्य दिनों के मुकाबले कम रही। पार्कों में भी धुंध के चलते सन्नाटा दिखाई दिया।

गौरतलब है कि 30 अक्टूबर तक दिन के समय मौसम गर्म महसूस हो रहा था। इससे पहले दो दिनों तक रुक-रुककर हल्की बारिश हुई थी। इसके बाद शनिवार सुबह अचानक धुंध छाने से तापमान में ठंडक महसूस होने लगी। अक्टूबर का महीना समाप्त होने से पहले ही ठंड ने दस्तक दे दी है।

स्थानीय लोगों ने बताया कि यह मौसम की पहली धुंध है। सुबह घर से निकलते समय रास्ता साफ दिखाई नहीं दे रहा था, लेकिन मौसम में आई ठंडक और पहली धुंध से उन्हें अच्छा महसूस हुआ। लोगों का कहना है कि बारिश के बाद मौसम में बदलाव से अब सर्दियों का एहसास होने लगा है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here