हरियाणा : चन्द्रिका ( TSN)- हरियाणा महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि किसान भाईयों को बीज से बाजार तक संरक्षण देने की दिशा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से लेकर मुख्यमंत्री मनोहर लाल ने बडे व प्रभावी कदम उठाए हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस शासन के दौरान स्वामीनाथन आयोग को लेकर बडी-बडी बातें की गई, लेकिन किसान की असली चिंता मोदी-मनोहर सरकार द्वारा ही की गई है।
वीरवार को महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा कलायत हलके के गांव कैलरम में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम में मुख्यातिथि के तौर पर पहुंची। गांव के सरकारी स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचने पर सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार समेत बडी संख्या में ग्रामीणों द्वारा जोरदार स्वागत किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी व लाभ देने के लिए लगाए गए स्टालों का राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने अवलोकन किया व स्टालों पर मौजूद पात्र परिवारों से फीडबैक भी लिया।ग्रामीणों को संबोधित करते हुए महिला एवं बाल विकास मंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देश के किसानों की न केवल चिंता करते हैं, बल्कि उनकी चुनौतियों का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयासरत रहते हैं। किसानों को कृषि कार्यों के लिए सालाना छह हजार रूपए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना के माध्यम से दिए जा रहे हैं। इसके माध्यम से प्रदेश में अब तक 19.50 लाख किसानों के खाते में 4645 करोड रूपए भेजे जा चुके हैं। किसानों की फसल खराब होने की स्थिति में मुआवजा देने के लिए प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के तहत अब तक 27.22 लाख किसानों को 7600 करोड रूपए क्लेम दिया गया है।
राज्यमंत्री कमलेश ढांडा ने कहा कि प्राकृतिक आपदा से फसल नष्ट होने पर वर्ष 2014 तक 1158 करोड रूपए मुआवजा दिया गया था, जबकि पिछले 9 साल में हमारी सरकार किसानों की फसल खराब होने पर किसानों को अब तक 11 हजार करोड रूपए मुआवजा दे चुकी है। आज हरियाणा एमएसपी पर 14 फसलों की खरीद करने वाला देश का पहला राज्य है। सरकार ने मेरी फसल-मेरा ब्यौरा पोर्टल के माध्यम से 12 लाख किसानों के खाते में फसल खरीद के 85 हजार करोड रूपए ट्रांसफर करके व्यवस्था में पारदर्शिता लाने का काम किया है।







