यमुनानगर (अंकुर कपूर): यमुनानगर के साढौरा में स्टेट विजिलेंस ब्यूरो टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। बता दें कि करनाल की टीम ने एसएचओ एसआई धर्मपाल को थाने के अंदर ही 50 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों काबू किया। एसआई धर्मपाल को मौके से ही गिरफ्तार कर लिया गया। विजिलेंस ब्यूरो करनाल के इंस्पेक्टर सचिन ने बताया कि खनन सामग्री से लदे ट्रकों को साढौरा क्षेत्र से सेफ निकालने के लिए एसएचओ द्वारा 25 सौ प्रति वाहन की रिश्वत मांगी जा रही है।
इस शिकायत के आधार पर टीम ने जाल बिछाया। इस टीम में इंस्पेक्टर चरण सिंह व लेडी इंस्पेक्टर सीमा भी शामिल रहे। शिकायतकर्ता को पाऊडर लगे 50 हजार व वाहनों की सूचि के साथ थाने में अपने कमरे में बैठे एसएचओ धर्मपाल के पास भेजा गया। इससे पहले की टीम ने धर्मपाल को दिए जाने वाले नोटों के नंबर नोट कर लिए थे।
शिकायतकर्ता द्वारा एसआई धर्मपाल को रिश्वत की रकम व वाहनों की लिस्ट थमाते ही इशारा मिलने पर टीम ने धर्मपाल को काबू कर लिया। उसके हाथ धुलवाने पर हाथ नोटों पर लगे रंग से रंगीन हो गए। इंस्पेक्टर सचिन ने बताया कि गिरफ्तार किए गए इंस्पेक्टर धर्मपाल को कल यमुनानगर न्यायालय में पेश किया जाएगा। उसके बाद आगे की कार्रवाई नियम साथ की जाएगी।







