भिवानी (अंकुर कपूर): भिवानी पहुंचे हरियाणा के कृषि मंत्री जेपी दलाल ने दोबारा से किसान आंदोलन की आहट पर किसान नेताओं की मंशा पर सवाल खड़े किए। साथ ही केजरीवाल की गुजरात में जीत के दावे और पूर्व सीएम भूपेन्द्र सिंह हुड्डा द्वारा हरियाणा को कर्जवान बनाने के वार पर पलटवार किए। बता दें कि सोमवार को कृषि मंत्री जेपी दलाल भिवानी स्थित अपने आवास पर जनता दरबार लगाकर लोगों की समस्याएं सुन रहे थे। इस दौरान ज़िला के कई गांवों के नव निवर्तन सरपंचों ने उनसे मुलाक़ात की। जेपी ने सभी नव निर्वाचित सरपंचों को शुभकामनाएं देकर गांवों का बिना भेदभाव विकास करने की अपील की। इसके बाद मीडिया से मुखातिब होते कृषि मंत्री जेपी दलाल ने किसान आंदोलन की आहट से लेकर केजरीवाल व भूपेन्द्र हुड्डा के नारों पर पलटवार किया।
हरियाणा के कृषि मंत्री ने दोबारा से किसान नेताओं द्वारा किसान आंदोलन शुरू करने की आहट पर कहा कि ये किसान नेता नहीं, स्वयंभू नेता है। क्योंकि इन्हें किसानों ने कभी नहीं चुना। ये कई चुनाव लड़ चुके हैं और इनमें राजनीति महत्वकांक्षाएं हैं। किसानों ने इन नेताओं को कई बार नकारा है। ऐसे में किसानों के नाम पर राजनीति करना सही नहीं। हरियाणा में रोज़ नए-नए हाइवे बन रहे हैं और मेट्रो का विस्तार हो रहा है। उन्होंने कहा कि सरकार क़र्ज़ के पैसे को विकास पर लगा रही है। जेपी दलाल ने कहा भूपेन्द्र हुड्डा के पास कोई मुद्दा नहीं तो क़र्ज़ के नाम पर गुमराह कर रहे है, लेकिन जनता गुमराह होने वाली नहीं।
इसके साथ ही दिल्ली के सीएम अरविंद केजरीवाल द्वारा गुजरात में जीत और वहां भाजपा द्वारा झोंकी जा रही ताकत को लेकर उठाए जा रहे सवालों पर कहा कि घमंड करना सही नहीं। सालों से गुजरात बीजेपी के पास है। फिर भी बीजेपी हर चुनाव को गंभीरता से लेती है और जनता के दरबार में जाती है। उन्होंने कहा कि केजरीवाल को आदमपुर उप चुनाव के रिज़ल्ट गुजरात की जनता को बताने चाहिए। कृषि मंत्री जेपी दलाल ने केजरीवाल व भूपेन्द्र हुड्डा के सभी आरोपों पर एक एक कर जवाब दिये हैं। साथ ही किसान आंदोलन की आहट पर भी को लेकर किसान नेताओं पर कटाक्ष किये है। अब देखना होगा कि वार पलटवार से हर रोज़ गरमाती राजनीति जनता का कितना हित कर पाती है।







