कुरुक्षेत्र(TSN): केंद्र सरकार की योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने के उद्देश्य से शुरू की गई विकसित भारत संकल्प यात्रा मंगलवार को कुरूक्षेत्र के गांव ज्योतिसर पहुंची। यहां राजकीय स्कूल में विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा का स्वागत किया गया जिसमें थानेसर के विधायक सुभाष सुधा बतौर मुख्यातिथि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि विकसित भारत जन संवाद संकल्प यात्रा के माध्यम से हर गांव में सैंकड़ों गरीब व पात्र परिवारों को केंद्र व राज्य सरकार की जन कल्याणकारी योजनाओं का सीधा लाभ मिल रहा है।किसी को उज्ज्वला गैस कनैक्शन, किसी को पेंशन प्रमाण पत्र, किसी गरीब को आयुष्मान कार्ड तो किसी को स्वास्थ्य विभाग की सुविधाओं का फायदा मिला है। आज गरीबों के लिए चलाई गई योजनाओं पर गरीबों का ही हक है, जबकि पूर्व की सरकारों में अमीर परिवारों को भी बीपीएल कार्ड दिए जाते थे।उन्होंने कहा कि थर्ड गेट से ज्योतिसर तक 17 करोड 51 रुपए की लागत से फोर लेन सीसी रोड बनाई जाएगी, इसके लिए टेंडर हो चुका है। थानेसर विधानसभा में एलिवेटिड ट्रैक का कार्य भी जल्द पूरा हो जाएगा।







