सोनीपत : चन्द्रिका ( TSN)- सोनीपत के मिनी सचिवालय पर पार्षद संजय बड़वासनी और ग्रामीणों ने मिलकर अनोखे ढंग से प्रदर्शन किया ।ग्रामीणों के साथ मिलकर पार्षद ने मिनी सचिवालय के मुख्य गेट के सामने पतीला रखकर चाय बनाई और प्रशासनिक अधिकारियों के दरवाजे पर चाय के कप लेकर पहुंचे । अधिकारी नहीं मिले तो चाय उनके दरवाजे पर रखकर वे वापस लौट आए ।
पिछले कई दिन से लगातार मिनी सचिवालय के सामने कर रहे प्रदर्शन
दरअसल गाँव जुआ समेत कई गांव के ग्रामीण और पार्षद संजय बड़वासनी मिलकर पिछले कई दिन से लगातार मिनी सचिवालय के सामने प्रदर्शन कर रहे हैं । ग्रामीणों ने कहा कि बार-बार प्रशासन को मांगों को लेकर अवगत कराया गया है, वही जब मांग पूरी नहीं हुई तो पार्षद संजय बड़वासनी ने रोष व्यक्त करते हुए मिनी सचिवालय के सामने बैठकर पहले अपने सिर का मुंडन करा लिया और अब पार्षद ने ग्रामीण महिलाओं के साथ मिलकर मिनी सचिवालय के सामने चाय का पतीला रखकर चाय बनाई है ।
पार्षद और ग्रामीणों का ये हैं आरोप
पार्षद और ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि उन्हें 100-100 गज के प्लाट पर अभी तक कब्जा नहीं दिया गया है । 2007 में यह प्लॉट दिए गए थे, जहां कोई भी कब्जा नहीं दिया गया है । काफी गांव में इसी प्रकार की समस्या है, जुआ वन के ग्रामीणों का यह भी आरोप है कि उनके गांव में सौ-सौ गज के प्लाट की रजिस्ट्री भी गायब की गई है । वहीं पार्षद संजय बड़वानी का यह भी कहना है कि परिवार पहचान पत्र में गरीब लोगों की इनकम बहुत ज्यादा दिखाई गई है । बार-बार शिकायत और कार्यालय के चक्कर काटने के बाद भी ठीक नहीं हो पा रही है,जिसके कारण काफी गरीब लोगों के बीपीएल के कार्ड कट गए हैं और उन्हें कोई भी फायदा नहीं पहुंच पा रहा है ।







