अम्बाला, 8 दिसंबर –हरियाणा के ऊर्जा, परिवहन एवं श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि “द साबरमति रिपोर्ट” फिल्म है यह बहुत कुछ कहती है। सबसे पहले तो 1947 में धर्म के आधार पर जो आधा अधूरा बंटवारा हुआ वो आज भी कहीं न कहीं जिन्न बनकर कभी गोधरा में, कभी बांग्लादेश में या कहीं और वो सामने आ रहा है। विज अम्बाला शहर के गेलेक्सी सिनेमा हॉल में द साबरमति रिपोर्ट फिल्म देखने के उपरांत पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे।
अनिल विज ने कहा इस फिल्म में दूसरी बात कहीं गई कि सच पर झूठ की जितनी भी मरजी परतें चढ़ा ली जाएं पर एक दिन सच सामने जरूर आता है। तीसरी बात जो सब के सबक के लिए फिल्म में कही कि इस देश के प्रजातंत्र के जो चार प्रहरी है जिनके ऊपर दायित्व है सच को सामने लाने का, उनको अपने-अपने रोल पर पुन: ध्यान देना चाहिए और अपने दायित्व को पूरी तरह से निभाते हुए सच जितनी जल्दी हो सके वो सामने लाने चाहिए।इससे पहले फिल्म देखने के लिए कैबिनेट मंत्री अनिल विज सिनेमा हाल में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ शाम को पहुंचे और फिल्म देखने के लिए हॉल की बुकिंग कराई गई थी। मंत्री अनिल विज ने कार्यकर्ताओं के साथ द साबरमति रिपोर्ट फिल्म को पूरा देखा और फिल्म की प्रशंसा की।







