चंडीगढ़ (एकता): हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने 203 करोड़ रुपए के कॉन्ट्रैक्ट को मंजूरी दी। बता दें कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में हाई पावर वर्कर्स परचेज कमेटी की बैठक हुई। मीडिया सूत्रों के अनुसार बैठक में विभिन्न बोलीदाताओं से नेगोसिएशन के बाद दरें तय करके 1.68 करोड़ रुपए से अधिक की बचत हुई। जिनमें फरीदाबाद मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी, हरियाणा पुलिस हाउसिंग कारपोरेशन, लोक निमार्ण विभाग और हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम के कुल सात एजेंडे मंजूर हुए।
बैठक के दौरान आवंटित किए गए विभिन्न कार्यों में 45 एमएलडी एसटीपी बादशाहपुर की मरम्मत और उन्नयन, गांव शाजहांपुर, चांदपुर, दलेलगढ़ व घोरासन के रेवेन्यू एस्टेट के साथ ही यमुना नदी के बाढ़ क्षेत्र, जिला फरीदाबाद में 10 एमएलडी क्षमता के चार रैनीवेल की स्थापना करना, रोहतक में महम-बेरी रोड क्रॉसिंग पर एनएच-709 पर वाहन अंडरपास का निर्माण, पुलिस लाइन, जींद में 42 टाइप-II, 36 टाइप-III और 6 टाइप-IV मकानों का निर्माण तथा पुलिस लाइन सिरसा में 72 टाइप-II थ्री स्टोरी रॉ हाउस, 12 टाइप-III और 12 टाइप-IV स्टिल्ट प्लस 6 मकानों का निर्माण शामिल है।







