चंडीगढ़ : चन्द्रिका ( TSN)-हरियाणा सरकार पैरालिसिस की स्थिति में है और प्रदेश के लोगों का समर्थन खो चुकी है। ये बात आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने वीरवार को पार्टी कार्यालय में प्रेसवार्ता कही ।उन्होंने कहा कि हरियाणा सरकार का किसी भी विभाग का कोई भी मंत्री अपनी जिम्मेदारियों का ठीक से निर्वहन नहीं कर पा रहा है। उन्होंने कहा कि सीएम ने 22 जिलों में जनसंवाद कार्यक्रम किए, उसमें नगर निगम से 1694 शिकायतें मिली उनमें से 1532 शिकायतें अभी तक पेंडिंग हैं।इसका मतलब जनसंवाद पूरी तरह से फेल हो गया । प्रेस कांफ्रेंस में पंचकुला के जिलाध्यक्ष रणजीत उप्पल और युवा प्रदेश उपाध्यक्ष करण लौट भी मौजूद रहे।
आम आदमी पार्टी के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट अनुराग ढांडा ने हरियाणा सरकार के सभी विभागो को लेकर बीजेपी पर निशाना साधा । उन्होंने कहा कि सीएम की कि एक लाख 80 हजार तक वार्षिक आय वाले परिवार की बेटियों को कॉलेज में मुफ्त शिक्षा और जिनकी 1 लाख 80 हजार से तीन लाख तक वार्षिक आय है उनको फीस में 50% छूट की घोषणा केवल घोषणा है, इसमें होगा कुछ नहीं। क्योंकि मुफ्त शिक्षा का अधिकार सबको है, यदि कोई गरीब लड़का पढ़ना चाहता है तो क्या उसको मुफ्त शिक्षा का अधिकार नहीं है? इसे लड़कियों तक सीमित क्यों किया गया और इसमें 1 लाख 80 हजार की कैप क्यों लगाई? उन्होंने कहा कि आम आदमी पार्टी का मानना है कि मुफ्त शिक्षा सबका अधिकार है और आम आदमी पार्टी की सरकार बनने पर हरियाणा में पैदा हुए हर बच्चे को मुफ्त और अच्छी शिक्षा दी जाएगी।
स्वास्थ्य मंत्रालय में प्रोजेक्ट से संबंधित 2500 फाइलें पेंडिंग
आप नेता ने कहा कि गृह मंत्री और स्वास्थ्य मंत्री अनिल विज ने पूरी रिसर्च करके 372 पुलिस कर्मचारियों को सस्पेंड करने के आदेश दिए थे, लेकिन अभी तक आदेश लागू नही हो पाए। यदि किसी प्रदेश का गृहमंत्री अपने ही अधीन आने वाली पुलिस से ठीक से ड्यूटि न करने वाले 372 पुलिसकर्मियों को सस्पेंड नहीं करा पा रहे तो इसका मतलब गृह मंत्री के तौर पर अनिल विज काम नहीं कर पा रहे हैं। इसके अलावा उनके स्वस्थ्य मंत्रालय में पिछले 56 दिनों में सिर्फ 2 फाइलें पास हुई हैं। उन्होंने कहा कि अनिल विज के स्वास्थ्य मंत्रालय में अलग अलग प्रोजेक्ट से संबंधित 2500 फाइलें पेंडिंग है। इसका मतलब अनिल विज स्वास्थ्य मंत्रालय भी नहीं चला पा रहे हैं।
शिक्षा विभाग और आबकारी मंत्रालय को लेकर कहा ये
अनुराग ढांडा ने कहा कि अगला विभाग शिक्षा मंत्री कंवरपाल गुर्जर का आता है, वो कहते थे कि हरियाणा के स्कूलों का दिल्ली के स्कूलों के साथ तुलना कर लीजिए, जब आम आदमी पार्टी ने उनको हरियाणा के किसी भी स्कूल में विजिट करने की तो वे भाग खड़े हुए। उन्होंने कहा कि हरियाणा का शिक्षा मंत्रायल भी ठप पड़ा है, यानी शिक्षा मंत्री भी इस सरकार में अपना काम ठीक से नहीं कर पा रहे हैं। वहीं यदि आबकारी मंत्रालय की बात करें तो जो डिप्टी सीएम दुष्यंत चौटाला के अधीन आता है। यमुनानगर में जहरीली शराब मामले में इनके कान पर जूं तक नहीं रेंगी। इससे पहले पानीपत, सोनीपत और सिरसा में भी मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि डिप्टी सीएम भी अपने विभाग में अपनी जिम्मेदारी निभाने में पूरी तरह फेल हुए हैं।
कृषि मंत्री कर रहे गलत बयानबाजी
इसके अलावा कृषि मंत्री जेपी दलाल किसानों की बहन बेटियों को लेकर गलत बयानबाजी कर रहे हैं। उनका काम था किसानों को मुआवजा दिलाना। क्या किसानों को बाढ़ का मुआवजा मिला है? उनका काम था पोर्टल का सही तरीके से चालु कराना ताकि किसान अपनी फसल का पंजीकरण सही तरीके से कर सके। क्या एक भी पोर्टल सही से काम कर रहा है? उनका काम था किसानों को समय पर खाद उपलब्ध कराना, लेकिन खाद के लिए किसान जगह जगह पर भटक रहा है। हिसार-सिरसा के क्षेत्र में किस्त कटने के बाद इंश्योरेंस कंपनी भाग गई और सरकार ने कहा कि हम इंश्योरेंस कराएंगे लेकिन उसका कोई अता पता नहीं है। यानी कृषि मंत्री भी अपनी जिम्मेदारी को निभाने में पूरी तरह से फेल हो गए हैं।







