महेंद्रगढ़ (अंकुर कपूर): हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड के 10वीं के परीक्षा परिणाम घोषित हुए हैं। जिसमें महेंद्रगढ़ के गांव नांगल माला में सरकारी स्कूल का परिणाम खराब आने से ग्रामीणों में काफी रोष है। मीडिया सूत्रों के अनुसार बुधवार को रिजल्ट से नाराज नाराज ग्रामीणों ने स्कूल की तालाबंदी कर दी। जिस पर गांव सरपंच व एसएमसी के सदस्य वहां मौके पर पहुंचे और आगे से स्कूल में अच्छी पढ़ाई व एक्सट्रा क्लासेस का आश्वासन देकर ताला खुलवाया।
आपको बता दें कि इस सरकारी स्कूल में दसवी कक्षा में कुल 10 बच्चे परीक्षा में बैठे थे, जिनमें से केवल एक ही बच्चा पास हो पाया है। 6 बच्चों की कंपार्टमेंट आई है और तीन फेल हुए। स्कूल के प्राचार्य ने बताया कि इस स्कूल में पिछले काफी समय से मैथ के अध्यापक का पद खाली था, जिस पर सितंबर में ही मैथ मास्टर की नियुक्ति हुई थी। परीक्षा में समय कम बचा था, जिसकी वजह से बच्चों की पढ़ाई कम हुई। उन्होंने कहा कि हम आगे से बच्चों को एक्स्ट्रा क्लासेस लगाकर कड़ी मेहनत से पढ़ाई करवाएंगे। जिससे आगे परिणाम अच्छा आ सके।







