पुन्हाना (अकुंर कपूर): तावडू के डीएसपी को अवैध खनन माफियाओं द्वारा डंपर से कुचलकर हत्या करने का मामला अभी ठंडा भी नहीं हुआ कि पुन्हाना थाना के बडेड गांव में पहाड़ों का निरीक्षण करने गई पुन्हाना पुलिस पर जानलेवा हमला करने का मामला सामने आया है। पथराव व मशीनों से हमले के दौरान एक पुलिस कर्मचारी को चोटे आई है। जवाबी कार्रवाई में पुलिस द्वारा हवाई फायरिंग कर खनन माफियाओं से भाग कर जान बचाई।
पुलिस ने मौके से तीन पोपलैंड़ मशीन (पहाड़ में पत्थर तोडने की मशीन) सहित विस्फोटक पदार्थ भी बरामद कर पांच नामजद सहित 50 अन्य लोगों के खिलाफ जान से मारने की कोशिश सहित विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस कप्तान वरुण सिंगला ने भारी पुलिस बल के साथ मौके का मुआयना किया।
गौरतलब है कि पिछले दिनों अवैध खनन को रोकने के लिए गए तावडू के डीएसपी सुरेंद्र सिंह की खनन माफियाओं ने डंपर से कुचलकर हत्या कर दी थी। जिसके बाद जिला पुलिस अवैध खनन को लेकर पूरी तरह सख्त दिखाई दी। पहाडो में अवैध खनन ना हो इसके लिए दो दिन पहले पुलिस द्वारा ड्रोन कैमरे से दर्जनों गावों की निगरानी की गई थी। लेकिन इसका अवैध खनन माफियाओं पर कोई प्रभाव नहीं पड़ा। खनन माफियाओं द्वारा पुलिस पर किए जानलेवा हमले के दौरान पुलिस कर्मचारियों को जान बचाना भारी पड़ गया।
खनन माफियाओं द्वारा पुलिस पर हमला करना कोई नई बात नहीं है लेकिन ये घटना ऐसे समय में हुई जब पुलिस खनन को लेकर पूरे दांव पेच अपना रही है। इस मामले में चेकिंग पुलिस पार्टी पर खनन माफिया हामिद निवासी ढैठड थाना पहाड़ी राजस्थान, हाकम निवासी बडेड, गुलफाम निवासी रायपुर, हारूण निवासी तिरवाडा थाना बिछोर, योगी भीलवाड़ा राजस्थान , पोपलैंड के मालिको एवं एजेंटों के खिलाफ सरकारी कार्य में बाधा डालकर पुलिस पार्टी पर जानलेवा हमला करने, एनजीटी के आदेशों की अवहेलना करने सहित पांच नामजद सहित 50 अन्य के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। जल्द ही आरोपियों को तलाश कर गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
पुलिसकर्मी नहीं कूदता तो कट जाता सिर
पुलिस शिकायत के मुताबिक जब पुलिस के जवान धर्मपाल ने पहाड़ों को तोड़ रहे पोपलैंड ऑपरेटर से मशीन रोकने के लिए कहा तो ऑपरेटर ने सिपाही धर्मपाल पर जान से मारने की नियत से पोपलैंड को घुमा के सिर पर हमला किया जिसके बाद जवान ने एक तरफ कूदकर अपनी जान बचाई। अगर सिपाही ऐसा नहीं करता को सिर कट जाता। पोपलेन से बचने के दौरान सिपाही के हाथ में चोट आई है। इसके अलावा मौके पर सिपाही सोनू को 40-50 अन्य खनन माफियाओं ने घेर कर पथराव कर दिया जिसके बाद अन्य पुलिस कर्मियों ने अपने साथी को घिरता देख उसे बचाने के लिए हवाई फायरिंग की और भीड़ को तित्रर बित्रर किया।







