गुरुग्राम (अंकुर कपूर): किसी भी देश के विकास में वहां की शिक्षा व्यवस्था का सबसे बड़ा योगदान होता है। वहीं सरकारी स्कूलों में छात्र-छात्राओं को अच्छी शिक्षा के साथ-साथ अच्छी व्यवस्था मिले यह काफी जरूरी है। जिसके चलते हरियाणा के शिक्षा मंत्री ने कहा कि हरियाणा में जितने भी स्कूलों की बिल्डिंग जर्जर हो गई है, उनको ठीक कराने का काम किया जाएगा।
हरियाणा में खस्ताहाल हुए स्कूल की इमारत को ठीक करने के लिए 220 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। इसी के साथ ही स्कूल के ग्राउंड, स्कूल का रास्ता, पीने के पानी समेत अन्य सुविधाओ के लिए 1000 करोड़ से ज्यादा रुपए खर्च किए जाएंगे। जी हां, यह कहना है हरियाणा के शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर का। जिन्होंने आज गुरुग्राम में पहुंचकर शिक्षा विभाग की 2 परियोजनाओं का उद्घाटन किया।
इस दौरान जब कंवर पाल गुजर से हरियाणा में शिक्षकों की कमी पर सवाल पूछा गया तो उन्होंने जवाब देते हुए कहा कि हरियाणा सरकार अगले कुछ दिनों में 20,000 नए शिक्षक भर्ती कर रही है। बहरहाल शिक्षा मंत्री कंवर पाल गुज्जर ने शिक्षकों की कमी से लेकर स्कूल की खस्ताहाल हालत जैसी समस्याओं से निजात दिलाने का आश्वासन जरूर दिया है। लेकिन यह देखने वाली बात होगी की हरियाणा के सरकारी स्कूलों के हालात कब तक सुधर पाते हैं।







