पंचकूला | हरियाणा के पंचकूला जिले के यादवेंद्र गार्डन, पिंजौर में आज से तीन दिवसीय 32वां मैंगो फेस्टिवल शुरू हो रहा है। मेले का उद्घाटन हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी करेंगे। इस खास आयोजन में अंबाला, कुरुक्षेत्र, यमुनानगर और पंचकूला के करीब 1000 आम उत्पादकों को विशेष रूप से आमंत्रित किया गया है।
33 साल पुरानी परंपरा
यह मैंगो मेला पहली बार 1992 में आयोजित हुआ था, जब भजन लाल हरियाणा के मुख्यमंत्री थे। उस वक्त यूपी समेत कई राज्यों को इसमें शामिल होने का न्योता भेजा गया था। तभी से यह मेला हर साल राज्य की बागवानी विरासत को बढ़ावा देने के उद्देश्य से आयोजित होता है।
5 राज्यों से पहुंची आम की अनोखी किस्में
इस बार मेले में हरियाणा के साथ-साथ पंजाब, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, गुजरात और महाराष्ट्र के आम उत्पादक हिस्सा ले रहे हैं। यहां आम की ऐसी किस्में भी प्रदर्शित होंगी जिनका वजन 2 ग्राम से लेकर ढाई किलो तक होता है।
कृषि वैज्ञानिकों की भागीदारी
हिसार स्थित हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय और करनाल के बागवानी विश्वविद्यालय के वैज्ञानिक और विशेषज्ञ भी मेले में भाग लेंगे। वे आम की उन्नत किस्मों, उत्पादन तकनीक और शोध कार्यों को लेकर जानकारी साझा करेंगे।







