अंबाला (अंकुर कपूर): हरियाणा में दिव्यांगजनों के लिए राहत भरी खबर है। खट्टर सरकार हजारों दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध करवा रही है। मीडिया सूत्रों के अनुसार जल्द ही प्रदेश के करीब 35 हजार दिव्यांगजनों को रोजगार उपलब्ध हो जाएगा। इनमें सरकारी क्षेत्र में 15 हजार तो, निजी क्षेत्र में 20 हजार दिव्यांगजनों को राहत मिलेगी। बता दें कि इस सिलसिले में हरियाणा दिव्यांगजन आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने ई-कॉमर्स के क्षेत्र में जानी-मानी कंपनी ‘अमेजॉन ‘ के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए।
इस कंपनी द्वारा हरियाणा के लगभग 10 हजार दिव्यांगजनों को उनकी कार्य-क्षमता के अनुसार रोजगार दिया जाएगा। जल्द ही राज्य सरकार के साथ ‘यूथ फॉर जॉब’ कंपनी के साथ समझौता-ज्ञापन पर भी हस्ताक्षर होंगे, जिसके तहत इस कंपनी द्वारा भी 10 हजार दिव्यांगजनों को रोजगार देने के द्वार खुल जाएंगे। हरियाणा दिव्यांगजन आयुक्त राजकुमार मक्कड़ ने बताया कि मुख्यमंत्री मनोहर लाल के दिल में दिव्यांगजनों के प्रति विशेष स्नेह है। वे चाहते हैं कि राज्य के अधिक से अधिक दिव्यांगजनों को उनकी स्किल और शारीरिक क्षमता के आधार पर रोजगार देकर स्वावलम्बी बनाया जाए।
उन्होंने बताया कि हाल ही में मुख्यमंत्री ने गुरुग्राम में करीब एक-सौ कंपनियों के साथ मीटिंग की थी और उनको अपनी -अपनी कंपनी में दिव्यांगजनों को रोजगार देने के लिए प्रेरित किया था। मुख्यमंत्री के प्रोत्साहन का असर यह हुआ कि कई कंपनियों ने नौकरियां देने का आश्वासन दिया है। यही नहीं ‘अमेजॉन’ और ‘यूथ फॉर जॉब’ ने तो एक कदम आगे बढ़कर दिव्यांगजनों को रोजगार देने के लिए एमओयू की कार्रवाई को भी सिरे चढ़ाना शुरू कर दिया है।







