भिवानी (एकता): हरियाणा की बेटियां हर क्षेत्र में आगे चलकर भारत का नाम रोशन कर रही हैं। हिसार की बेटी नीतू पिछले साल मैरी कोम को हराकर सुर्खियों में आई थी। अब नीतू ने विश्व मुक्केबाजी में स्टॉर के रूप में अपनी पहचान बना ली है। महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया है। हरियाणा की दो बेटियों ने नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में शनिवार को महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में अपना दम दिखाया। दोनों ने गोल्ड जीतकर इतिहास रच दिया।
10 साल के सफर में नीतू ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई पहचान
मीडिया सूत्रों के अनुसार मुक्केबाजी में महज दस साल के सफर में नीतू ने गांव की पहचान अंतरराष्ट्रीय स्तर पर बनाई। 48 किलो भारवर्ग की बॉक्सर नीतू अपनी मां को मिले तानों का जुबां से जवाब देने के बजाय रिंग में पसीना बहाकर और गोल्ड मैडल लेकर लौटी। नीतू अपनी इस कामयाबी से सभी के दिलों में छा गई है। चारों तरफ उसी के चर्चे हो रहे हैं। भारतीय मुक्केबाजों के शानदार प्रदर्शन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी खुशी जताई और गोल्ड जीतने पर नीतू को बधाई दी है।
PM मोदी ने ट्वीट कर दी बधाई
प्रधानमंत्री मोदी ने शनिवार को अपने ट्विटर अकाउंट से नीतू गंघास को महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक जीतने पर बधाई दी। नीतू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मंगोलिया की लुतसाईखान अल्तानसेतसेग को 5-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीता।
Congratulations to@NituGhanghas333 on winning the prestigious Gold Medal in the Women’s Boxing World Championships. India is elated by her remarkable feat. pic.twitter.com/sBFIR5f6eo
— Narendra Modi (@narendramodi) March 25, 2023
भिवानी जिले के गांव धनाना निवासी नीतू घनघस (21) ने वर्ष 2012 में भिवानी में कोच जगदीश के पास ट्रेनिंग शुरू की थी। 48 किलो भारवर्ग की बॉक्सर नीतू सीबीएलयू से एमपीएड की पढ़ाई कर रही हैं। नीतू के पिता जयभगवान ने कहा कि आज बेटी ने सपना पूरा कर दिया। आज उनके परिवार का नाम रोशन कर दिया। नीतू जैसी बेटी घर-घर में पैदा हो। वहीं दूसरी तरफ प्रदेश के कृषि एवं किसान कल्याण मंत्री जयप्रकाश दलाल ने भी नीतू की जीत पर बधाई दी।

नीतू का मैच देखने के लिए पूरा परिवार पहुंचा था दिल्ली
लाडली बेटी नीतू का मैच देखने के लिए पूरा परिवार दिल्ली पहुंचा था। हालांकि नीतू ने सभी की उम्मीदों पर खरा उतरते हुए मंगोलिया की अपनी प्रतिद्वंद्वी बॉक्सर लुत्साइखान को अपने दमदार मुक्कों से धूल चटाई। नीतू ने फाइनल मुकाबला एकतरफा जीता।








