हिसार (एकता): हौसलें अगर बुलंद हों तो मंजिलें आसान हो जाती हैं। कुछ कर गुजरने का जज्बा अगर आपके मन में हैं तो कोई भी काम नामुमकिन नहीं होता। ऐसा ही कुछ हरियाणा के हिसार के सेक्टर 1-4 की बॉक्सर स्वीटी बूरा ने कर दिखाया।

जानकारी के मुताबिक नई दिल्ली के इंदिरा गांधी इंडोर स्पोटर्स कॉम्पलेक्स में हुई महिला विश्व मुक्केबाजी चैंपियनशिप में हरियाणा के हिसार के सेक्टर 1-4 की बॉक्सर स्वीटी बूरा ने 81 किलोग्राम भारवर्ग में स्वर्ण पदक हासिल किया है। खास बात यह है कि स्वीटी ने शनिवार को फाइनल में चीन की बॉक्सर को 4-1 से हराया और चैंपियन बनी। दरअसल स्वीटी ने आपने पिता से वादा किया था कि वह गोल्ड लाकर दिखाएगी। जो उसने कर दिखाया। परिवार ने कहा कि जब बेटी घर पहुंचेगी तो वह उसे उसका बूरा का चूरमा खिलाकर मुंह मीठा करवाएंगे।
शादी के बाद भी नहीं छोड़ी बाॅक्सिंग
गौरतलब है कि बॉक्सर स्वीटी की शादी 7 जुलाई 2022 को रोहतक के दीपक हुड्डा के साथ हुई थी। शादी के बाद उसकी जिंदगी में काफी मुश्किलें आई। लेकिन उसने अपनी जिंदगी में बाॅक्सिंग से दूरी नहीं बनाई। घर से बाहर जाकर खेलना मुश्किल था। पति दीपक हुड्डा ने भी काफी साथ दिया। शादी के सिर्फ 10 दिन बाद ही दोबारा प्रैक्टिस शुरू कर दी। कभी रोड पर रनिंग तो कभी छत पर बॉक्सिंग का अभ्यास।
2018 में स्वीटी ने बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी जीता था गोल्ड
उल्लेखनीय है कि साल 2018 में स्वीटी ने रसिया में हुई इंटरनेशनल बॉक्सिंग चैंपियनशिप में भी गोल्ड मेडल जीता था। घर पर बधाइयों का तांता लगा। स्वीटी ने बॉक्सिंग की शुरुआत साई हिसार में की थी। आज दोनों बहनें राष्ट्रीय स्तर से लेकर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पदक जीत अपनी पहचान बना रही हैं।








