करनाल (अंकुर कपूर): करनाल जिले के नीलोखेड़ी तहसील क्षेत्र में 21 वर्षीय एक छात्रा की गलत इंजेक्शन लगने से मौत हो गई। छात्रा की मौत के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है। उनका कहना है कि आरोपी डॉक्टर के खिलाफ सख्त से सख्त कार्यवाही की जाए।
परिजनों के अनुसार तरावड़ी के डेयरी मोहल्ला की रहने वाली 21 वर्षीय टिशा को खांसी थी, इसके बाद परिजन शहर के रेलवे रोड पर ही डॉक्टर ज्ञान के क्लीनिक पर लेकर पहुंचे थे। जिसके बाद डॉक्टर ज्ञान ने टिशा को एक इंजेक्शन लगाया। उसके बाद छात्रा की तबियत बिगड़ती चली गई और देखते ही देखते उसने दम तोड़ दिया। हंगामे की सूचना पर थाना प्रभारी इंस्पैक्टर संदीप सिंह मौके पर पहुंचे और परिजनों को समझाने का प्रयास किया।
आक्रोशित भीड़ ने किसी की नहीं सुनी। थाना प्रभारी ने परिजनों से घटना की जानकारी ली। तरावड़ी थाना प्रभारी इंस्पैक्टर संदीप सिंह का कहना है कि परिजनों की शिकायत के आधार पर आरोपित डॉक्टर ज्ञान के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। फिलहाल पूछताछ के लिए आरोपी डाक्टर को हिरासत में लिया गया है। जांच के बाद मामले में उचित कार्रवाई की जाएगी।







