पलवल (अंकुर कपूर): हरियाणा के पलवल जिले के गांव बंचारी में बने सीनियर सेकेंडरी स्कूल में पढ़ रहे बच्चों पर खतरा मंडरा रहा है। बता दें कि करीब 6 साल पहले स्कूल की बिल्डिंग को कंडम घोषित किया जा चुका है लेकिन फिर भी बच्चों को इस बिल्डिंग में मौत के साए में पढ़ना पड़ रहा है। इस स्कूल की छत्त कभी भी गिर सकती है। बताया जा रहा है कि अब तक छत से लेंटर के गिरने से कई बच्चे भी चोटिल हो चुके हैं। यह सरकारी स्कूल प्रदेश सरकार की शिक्षा प्रणाली की पोल खोल रहा है। यहां न तो बच्चे और ना ही टीचर सुरक्षित हैं।
इस स्कूल में पढ़ने वाले बच्चों को हर समय डर लगा रहता है कि कहीं उनके ऊपर छत का टुकड़ा टूटकर गिर ना जाए। जिसकी वजह से वह पढाई भी नहीं कर पाते। स्कूल में 300 के करीब बच्चे शिक्षा ग्रहण कर रहे हैं। स्कूल के स्टाफ के सामने दो रास्ते हैं या तो वह बच्चों को खुले मैदान में पढ़ाएं या फिर इसी कंडम बिल्डिंग में। सबसे ज्यादा मुसीबत बरसात के समय में होती है, बाहर मैदान में पानी भर जाता है और बच्चों को अंदर बैठा तो दिया जाता है लेकिन हर समय छत के गिरने का भय बना रहता है।
अभिभावकों को हर समय डर लगा रहता है कि वह बच्चों को स्कूल में पढ़ने के लिए भेज तो देते हैं लेकिन उनके साथ कोई अनहोनी ना हो जाए। ऐसे में देखने वाली बात यह होगी क्या सरकार प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहे हैं या फिर वक्त रहते इस पर कार्यवाही हो पाती है।







