Home Haryana फरीदाबाद में छात्र की मौत पर बवाल, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

फरीदाबाद में छात्र की मौत पर बवाल, पथराव में दो पुलिसकर्मी घायल

20
0
Screenshot

फरीदाबाद (सुन्दर कुंडू)। हरियाणा के फरीदाबाद में 10वीं कक्षा के 17 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत के बाद जमकर हंगामा हुआ। छात्र का शव मवई स्थित शिव शक्ति एन्क्लेव में उसकी सहपाठी के घर में फंदे पर लटका मिला। घटना की सूचना मिलते ही छात्र के परिजन और अन्य लोग मौके पर पहुंच गए। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए विरोध प्रदर्शन किया और लड़की के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस पर पथराव भी किया गया, जिसमें दो पुलिसकर्मी घायल हो गए।

मृतक की पहचान साई नगर पार्ट-2 निवासी अर्जुन (17) के रूप में हुई है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, अर्जुन वीरवार रात उसी स्कूल में पढ़ने वाली एक लड़की के घर पहुंचा था। कुछ देर बाद सूचना मिली कि उसने घर के अंदर फंदा लगा लिया है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को फंदे से नीचे उतारकर जांच शुरू की।

घटना की जानकारी मिलने के बाद अर्जुन के परिजन और बड़ी संख्या में अन्य लोग लड़की के घर पहुंच गए। परिजनों ने छात्र की मौत को लेकर संदेह जताया और मामले में कार्रवाई की मांग की। जब पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल ले जाने की प्रक्रिया शुरू की, तो लोगों ने इसका विरोध किया। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आक्रोशित लोगों ने लड़की के घर में तोड़फोड़ शुरू कर दी।

मौके पर हालात बिगड़ने के बाद पुलिस ने अतिरिक्त बल बुलाया। इसी दौरान भीड़ की ओर से पुलिसकर्मियों पर पथराव किया गया, जिसमें दो जवानों को चोटें आईं। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करते हुए शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए बीके अस्पताल भिजवा दिया। एहतियात के तौर पर घटनास्थल पर पुलिस बल तैनात किया गया।

वहीं, लड़की के परिवार ने छात्र पर उनकी बेटी को लगातार परेशान करने का आरोप लगाया है। परिवार का कहना है कि इस संबंध में पहले भी शिकायत दी गई थी, लेकिन इसके बावजूद छात्र ने कथित तौर पर परेशान करना बंद नहीं किया। फिलहाल पुलिस ने दोनों पक्षों के बयान दर्ज कर लिए हैं और छात्र की मौत के कारणों सहित घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पुलिस जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की परिस्थितियों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here