फरीदाबाद | जिले के तिगांव क्षेत्र से एक नाबालिग छात्रा के साथ चलती कार में दुष्कर्म की गंभीर वारदात सामने आई है। पीड़िता की शिकायत के आधार पर तिगांव थाने में पोक्सो एक्ट और भारतीय न्याय संहिता (BNS) की प्रासंगिक धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल क्राइम ब्रांच इस मामले की गहन जांच में जुटी है।
पुलिस को दी शिकायत में पीड़िता ने बताया कि वह शनिवार सुबह अपने छोटे भाई को स्कूल छोड़ने के बाद स्वयं स्कूल जा रही थी। रास्ते में एक कार पहले से खड़ी थी। उसी दौरान कार में बैठे एक युवक ने जबरन उसे कार में खींच लिया। कार में दो युवक मौजूद थे—एक वाहन चला रहा था और दूसरे ने जान से मारने की धमकी देकर पीड़िता के साथ दो बार दुष्कर्म किया।
पीड़िता के अनुसार, आरोपी युवक उसे कार में इधर-उधर घुमाते रहे और स्कूल के समय के अंत में गांव के पास सड़क पर उतार कर फरार हो गए। किसी तरह घर पहुंचने के बाद छात्रा ने परिजनों को पूरी घटना की जानकारी दी, जिसके बाद परिजनों ने तिगांव थाने में देर शाम शिकायत दर्ज कराई।
तिगांव थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए क्राइम ब्रांच की टीम को जांच में शामिल किया गया है। पीड़िता का चिकित्सीय परीक्षण करवा लिया गया है और पुलिस आरोपियों की पहचान व गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है।







