अंबाला (अंकुर कपूर): अंबाला में उस समय एक परिवार में शादी की खुशियां मातम में बदली जब 4 साल के मासूम की घर में बने सेप्टिक टैंक में गिरने से मौत हो गई। बता दें कि बारात का स्वागत करने से पहले ही मासूम ने दम तोड़ दिया।
जानकारी के मुताबिक अंबाला शहर के कृष्ण कॉलोनी इलाके में एक परिवार गांव सरकपुर से अपनी मासी की शादी में आया हुआ था। अचानक 4 साल का बच्चा ध्रुव खेलते-खेलते पड़ोस के घर में बने सेप्टिक टैंक में गिर गया और उसने अपनी जान गंवा दी। बच्चे के नाना ने बताया कि घर में शादी का माहौल था और सभी लोग तैयारियों में लगे हुए थे।
काफी देर से बच्चा घर में नहीं दिखा तो सब ढूंढने लगे, उसके बाद पता लगा कि बच्चे पड़ोस के घर में बनी टैंक में गिर पड़ा है। जानकारी देते हुए सदर थाना एसएचओ ने बताया कि उन्हें किसी ने फोन कर इस घटना की सूचना दी थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है और शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया जाएगा।







