करनाल (अंकुर कपूर): राहुल गांधी की ‘भारत जोड़ो यात्रा’ का असर हरियाणा में दिखने लगा है। भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष सतीश राणा ने भाजपा का साथ छोड़ कांग्रेस का हाथ थाम लिया है। बीजेपी से खफा सतीश राणा ने करनाल के घरौंडा से बीजेपी विधायक हरविंद्र कल्याण पर भी निशाना साधा। उन्होंने प्रेस वार्ता के दौरान कहा कि पार्टी ने उनको पूरा मान सम्मान दिया है और पार्टी जहां पर भी उनकी ड्यूटी लगाएगी वे अपनी जिम्मेदारी को अच्छी तरह से निभाएंगे।
उन्होंने बताया कि करनाल व घरौंडा क्षेत्र के करीब चार-पांच हजार कार्यकर्ता भाजपा को छोड़ने के लिए तैयार बैठे हैं, जिला इकाई ने भाजपा संगठन का पूरी तरह से नाश कर दिया है। आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अगर पार्टी चाहेगी कि मैं चुनाव लडूं तो चुनाव लडूंगा, क्योंकि चुनाव की पहले भी मेरी तैयारी थी। राणा ने कहा कि उन्होंने अपने जीवन के 14 साल भाजपा को दिए और मेहनत से काम किया। भाजपा ने अपने एक अच्छे कार्यकर्ता को खो दिया, जिसका मुझे भी दुख है। लेकिन जहां पर मान सम्मान ना मिले और अपने कार्यकर्ताओं के भी काम ना हो, तो वहां रहना ठीक नहीं है। बहुत सोच विचार करने के बाद भाजपा को अलविदा कहा है। भाजपा छोड़ने से पहले उनको काफी लालच भी दिए गए, लेकिन मैने उन लालचों को छोड़कर कार्यकर्ताओं की आवाज उठाई।
कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव विरेंद्र राठौर भी प्रैस वार्ता में शामिल हुए। जिन्होंने सतीश राणा का स्वागत किया। करनाल जिला में पांच विधानसभा सीटें है। जिन पर संगठन मजबूत है और इन पांचों पर कांग्रेस को जीत दिलवाएंगें। करनाल की पूर्व विधायक सुमिता सिंह ने कहा कि वे सतीश राणा का स्वागत करती है और जो लोग कांग्रेस में आने वाले हैं उन सभी का स्वागत है। बीजेपी सरकार दुखी है कि ‘भारत जोड़ा यात्रा’ के बाद युवा वर्ग भी कांग्रेस से जुड़ रहे हैं।







