अंबाला (अंकुर कपूर): स्क्रीन पर नजर आ रही ये लग्जरी गाड़ियां किसी मेहनतकश इंसान ने कड़ी मेहनत से नहीं कमाई, बल्कि ये उस गिरोह की लग्जरी गाड़ियां हैं, जो भोले-भाले युवाओं को अवैध तरीके से विदेश भेजने का ख्वाब दिखाकर उनसे लाखों रुपए ऐंठते थे। विदेश जाने की चाहत रखने वाले लोगों से अवैध तरीके से मोटी रकम ऐंठने वाले एजेंट गिरोह का अंबाला पुलिस ने पर्दाफाश किया है।
हरियाणा, पंजाब, दिल्ली सहित देश के कई राज्यों में फैले इन एजेंटों के गिरोह को अब अंबाला पुलिस ने तोड़ दिया है। पुलिस ने गिरोह के 5 सदस्यों को अलग-अलग राज्यों से गिरफ्तार किया है। जिनके कब्जे से पुलिस को 20 लाख रुपए कैश, मर्सिडीज, रेंज रोवर, रैंगलर जैसी महंगी लग्जरी गाड़ियां और 113 पासपोर्ट (हार्ड कॉपी), सैंकड़ो पासपोर्ट की सॉफ्ट कॉपी बरामद हुई है। वहीं 33.60 लाख रुपए बैंक खातों में भी सीज किए गए हैं।
पुलिस ने बताया कि अंबाला निवासी एक व्यक्ति की शिकायत पर मामला दर्ज कर SIT गठित की गई थी, जिसमें गिरोह के मुख्यारोपी गगनदीप उर्फ हन्नी के पकड़े जाने के बाद पुलिस ने उसे रिमांड पर लिया तो एक एक कर मामले की परतें खुलती गई। फिलहाल इस मामले में मुख्यारोपी गगनदीप उर्फ हन्नी के साथ-साथ हरदीप, अमनदीप, प्रदीप, प्रभजोत को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जिनमें से प्रभजोत फिलहाल पुलिस के रिमांड पर है व अन्य 4 आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। मामले की जानकारी देते हुए SP अंबाला ने बताया कि इस मामले में अभी कई और बड़े खुलासे होने की भी संभावना है। पुलिस की मानें तो कई इमिग्रेशन सेंटर और कुछ पॉलिटिकल नाम भी पुलिस के रडार पर हैं।







