रेवाड़ी। जिले में तीज पर्व की खुशियां उस समय मातम में बदल गईं, जब बहन के घर त्योहार देने गए दो सगे भाइयों की सड़क हादसे में मौत हो गई। कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास देर रात एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे के बाद आरोपी चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।
मृतकों की पहचान 21 वर्षीय नितिन और 20 वर्षीय प्रिंस के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, दोनों भाई शनिवार को तीज का त्योहार देने बाइक से अपनी बहन के घर गांव संगवाड़ी गए थे। वहां त्योहार देने के बाद दोनों देर रात बाइक से अपने गांव वापस लौट रहे थे।
बताया जा रहा है कि जैसे ही दोनों भाई कोटकासिम रोड पर बोलनी चौक के पास पहुंचे, तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों भाई सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद चालक वाहन लेकर फरार हो गया।
हादसे की सूचना मिलते ही कसौला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। साथ ही अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य माध्यमों से आरोपी वाहन चालक की पहचान करने का प्रयास कर रही है।
एक ही परिवार के दो युवकों की अचानक मौत की खबर मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। तीज पर्व की खुशियां देखते ही देखते मातम में बदल गईं। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है और हर कोई इस दर्दनाक घटना से स्तब्ध है।







