रोहतक (अंकुर कपूर): रोहतक में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। जहां शीला टॉकीज के एक मकान में रिटायर्ड वेटरनरी सर्जन ने खुद को गोली मारकर आत्महत्या कर ली। घटना की सूचना पर सिविल लाइन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया है और मामले की जांच की जा रही है।
बताया जा रहा है कि वीरेंद्र सिंह वेटरनरी सर्जन के पद से रिटायर थे और शीला टॉकीज के पास अपने मकान में रहते थे। आज जब उनकी पत्नी घर पहुंची तो दरवाजा अंदर से बंद था। पड़ोसियों की मदद से जैसे ही दरवाजा खोला तो अंदर बेड पर वीरेंद्र सिंह का शव पड़ा हुआ था। जिसने अपने लाइसेंसी रिवाल्वर से गोली मारकर आत्महत्या कर रखी थी।
सिविल लाइन थाना प्रभारी हरपाल सिंह ने बताया की मौके से एक सुसाइड नोट भी मिला है। जिसमें मृतक वीरेंद्र ने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया है और सुसाइड नोट में लिखा हुआ है कि वह मानसिक रूप से परेशान हूं इस वजह से आत्महत्या कर रहा हूं और उसकी मौत के लिए अन्य कोई जिम्मेदार नहीं है। उन्होंने बताया कि मामले को देखते हुए एफएसएल टीम को भी मौके पर बुलाया गया और शव को पोस्टमार्टम के लिए रोहतक पीजीआई भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगामी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।





